अबोहर, पंजाब: नगर निगम के मेयर विमल ठठई ने आज राजयोग भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि केन्द्र सरकार ने दादी जानकी को स्वच्छ भारत अभियान का ब्रांड अम्बेसडर नियुक्त किया था जिसके परिणाम स्वरूप देश भर में इस अभियान को सफलता मिली। आज के दिन हमे संकल्प लेना चाहिये कि मन और तन के साथ साथ आस पडौस में भी स्वच्छता यकीनी बनायेंगे। नगर निगम द्वारा संचालित स्वच्छता अभियान के लिये सहयोग देने और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने की उन्होने अपील की।
श्री ठठई ने राजयोग भवन में एकत्रित हुए सैंकडों नगर निवासियों की उपस्थिति में ब्रह्माकुमारीज संस्था की पूर्व प्रशासिका दादी जानकी की 5वीं पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरूआत ब्रह्माकुमारीज की केन्द्र प्रभारी पुष्पलता बहन ने मधुबन से आया संदेश सुनाकर की। वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका दर्शना बहन, सुनीता बहन, शालू बहन, राज सदोष, रमेश शर्मा एडवोकेट, डा. संजय गुप्ता, डा. ऋतु गुप्ता, राम प्रकाश जिंदल, डा. कंचन खुराना, डा. भगवान दास आदि दादी के चित्र पर पुष्प अर्पित करने वालों में शामिल थे।
लेखक परिषद अध्यक्ष राज सदोष ने दादी जानकी से 20 वर्ष पूर्व हुई मुलाकात के हवाले से कहा कि 103 वर्ष का जीवन बिताने वाली दादी जानकी ने विश्व भर में ब्रह्माकुमारीज के संस्थापक दादा लेखराज (ब्रह्मा बाबा) द्वारा स्थापित आदर्शों को अपनाते हुए स्व: परिवर्तन से विश्व परिवर्तन का संदेश बखूबी प्रसारित किया।
सुनीता बहन ने दादी जानकी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्हें विश्व की सर्वाधिक तेज मस्तिष्क वाली महिला के रूप में मान्यता मिली थी। न केवल उनके निजी जीवन की घटनाओं बल्कि संस्था की तमाम गतिविधियों की याद ताजा करने में भी उन्हें एक मिनट का समय भी नहीं लगता था।हम उनके दर्शाये मार्ग पर चलकर न केवल अपना जीवन सफल बना सकते हैं बल्कि विश्व परिवर्तन के अभियान में भी सहभागी बन सकते हैं।