मुख पृष्ठराज्यमध्य प्रदेश।जबलपुर: विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ब्रह्माकुमारीज़ शिव उपहार भवन , प्रेमनगर ...

जबलपुर: विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ब्रह्माकुमारीज़ शिव उपहार भवन , प्रेमनगर  ने शुरू किया एक सप्ताह का विशेष नशा मुक्ति अभियान

जबलपुर,मध्य प्रदेश। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के प्रेमनगर स्थित शिव उपहार भवन सेवा केंद्र के  द्वारा एक सप्ताह का विशेष नशा मुक्ति अभियान आरंभ किया गया। इस अभियान का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी विमला दीदी के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने राजयोग की शक्ति के माध्यम से मानसिक मजबूती प्राप्त करने और तंबाकू व अन्य नशे की आदतों को छोड़ने के उपाय साझा किए। विमला दीदी ने कहा, “राजयोग अभ्यास से मन की शक्ति बढ़ती है और आत्मा में आत्मविश्वास आता है। नशा छोड़ना केवल शारीरिक या सामाजिक मुद्दा नहीं, यह एक मानसिक और आत्मिक लड़ाई भी है। जब हम राजयोग से आत्मा को जाग्रत करते हैं, तो हमें आत्म-संयम और दृढ़ संकल्प प्राप्त होता है, जिससे नशे की आदतें छूट सकती हैं।”

कार्यक्रम में नशा मुक्ति केंद्र के संचालक हेमंत सोलंकी ने शुभकामनाएँ देते हुए कहा, “ब्रह्माकुमारी संस्थान का यह प्रयास समाज के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है। तंबाकू, शराब और अन्य मादक पदार्थों से समाज को मुक्त कराना हर नागरिक का दायित्व है। हम सब मिलकर इसे जन आंदोलन बनाएं।”  इसी क्रम में माँ नर्मदा आरती समिति के प्रमुख ओमकार दुबे ने भी अपने शुभकामना संदेश में कहा, “नर्मदा तट पर इस प्रकार के सकारात्मक अभियान समाज को जागरूक करने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। हम सभी को मिलकर नशा मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग देना चाहिए।”

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, युवा, विद्यार्थी, महिलाएँ एवं बुजुर्ग उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली और संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहेंगे, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान में विभिन्न स्थानों पर नशा मुक्ति रैलियों, पोस्टर प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक, योग सत्र, और सामूहिक ध्यान सत्र आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का लक्ष्य है कि समाज के हर वर्ग तक यह संदेश पहुँचे कि नशा छोड़ना संभव है और एक सुखद, स्वस्थ एवं आत्म-संतोषी जीवन जिया जा सकता है।

ब्रह्माकुमारी आरती  दीदी ने  कार्यक्रम  का संचालन किया | आपने  सभी उपस्थित जनों को व्यसन से दूर रहने की प्रतिज्ञा करवाई और बतलाया कि नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय वर्षों से पूरे देश में जनजागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है। इस अभियान का उद्देश्य केवल नशे के दुष्परिणामों को बताना ही नहीं, बल्कि लोगों को मानसिक, आत्मिक और आध्यात्मिक रूप से इतना मजबूत बनाना है कि वे स्वयं नशे की लत से बाहर निकल सकें। राजयोग साधना और सकारात्मक सोच के माध्यम से व्यक्ति अपने भीतर आत्म-संयम, आत्मबल और आत्मविश्वास विकसित कर सकता है, जो नशे को छोड़ने में सबसे बड़ी ताकत बनते हैं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments