पनवेल, महाराष्ट्र: ३१ मई को मनाए जाने वाले विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज़ पनवेल सेवा केंद्र एवं पनवेल महानगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में “अंतरराष्ट्रीय तंबाकू जनजागृति अभियान” के अंतर्गत एक विशेष व्यसनमुक्ति जनजागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तंबाकू सहित समस्त प्रकार के नशों से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों के प्रति जनजागृति लाना तथा व्यसनमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देना था।
आयोजन में पनवेल महानगरपालिका के लगभग 300 कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिनमें आशा वर्कर्स, डॉक्टर, नर्सें एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी सम्मिलित थे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं प्रेरणादायक मार्गदर्शक डॉ. सचिन परब (MBBS) रहे, जो ब्रह्माकुमारीज़ संस्था से दीर्घकालीन रूप से जुड़े हुए हैं। वे एक ख्यातिप्राप्त हिप्नोथेरपिस्ट, काउंसलर एवं कॉर्पोरेट ट्रेनर हैं। उन्होंने अनेक व्यसनमुक्ति शिविरों का सफलतापूर्वक संचालन किया है तथा महाराष्ट्र शासन द्वारा “महात्मा गांधी व्यसनमुक्ति पुरस्कार” से सम्मानित भी किए जा चुके हैं।
डॉ. परब “ग्लोबल इनिशिएटिव ऑन टोबैको अवेयरनेस” के प्रोजेक्ट डायरेक्टर तथा “माय इंडिया – एडिक्शन फ्री इंडिया” अभियान के राष्ट्रीय समन्वयक भी हैं। सारगर्भित व प्रेरणादायक सत्र के माध्यम से उन्होंने उपस्थितों को नशे के व्यक्तिगत, पारिवारिक व सामाजिक स्तर पर होने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराया और व्यसनमुक्ति के लिए प्रेरित किया। सत्र के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने अपने घर, कार्यस्थल, नगर, राज्य, देश और अंततः सम्पूर्ण विश्व को व्यसनमुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारीज़ पनवेल सेवा केंद्र द्वारा संचालित सात दिवसीय निःशुल्क राजयोग ध्यान अभ्यास की जानकारी दी गई। साथ ही, इच्छुक प्रतिभागियों को डॉ. परब द्वारा निःशुल्क व्यक्तिगत परामर्श सेवा उपलब्ध कराए जाने की घोषणा भी की गई। इसके लिए आवश्यक संपर्क विवरण उपस्थितजनों को प्रदान किया गया। समस्त कार्यक्रम अत्यंत उत्साह, सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। यह पहल “तंबाकू मुक्त भारत” की दिशा में एक प्रेरणास्पद एवं महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।






