मुख पृष्ठराज्यमध्य प्रदेश।इंदौर: प्रजापिता ब्रह्मा बाबा की 57वीं पुण्यतिथि विश्व शांति दिवस के रूप...

इंदौर: प्रजापिता ब्रह्मा बाबा की 57वीं पुण्यतिथि विश्व शांति दिवस के रूप में प्रेमनगर, इंदौर में श्रद्धा के साथ मनाई गई

इंदौर,मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के संस्थापक प्रजापिता ब्रह्मा बाबा की 57वीं पुण्यतिथि को प्रेमनगर, इंदौर स्थित अनुभूति भवन में विश्व शांति दिवस के रूप में श्रद्धा, साधना एवं आत्मिक चिंतन के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में 100 से अधिक भाई-बहनों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके शशि दीदी जी, प्रभारी – इंदौर प्रेमनगर यूनिट ने कहा कि प्रजापिता ब्रह्मा बाबा ने परमात्मा शिव की शिक्षाओं को अपने जीवन में पूर्ण रूप से आत्मसात कर नंबर-1 उदाहरण बनकर संसार के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने आचरण से यह सिद्ध किया कि कथनी और करनी की एकता से ही सच्चा आध्यात्मिक जीवन संभव है।

बीके शशि दीदी जी ने बताया कि ब्रह्मा बाबा ने महिला सशक्तिकरण को केवल सामाजिक नहीं, बल्कि आध्यात्मिक आधार प्रदान किया। उन्होंने नारी को आत्मिक शक्ति, नैतिक साहस और नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाकर विश्व सेवा के लिए शिव शक्ति बन आगे बढ़ाया। उनके जीवन का संदेश नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक मूल्यों, पवित्रता, सेवा और सकारात्मक सोच पर आधारित रहा।

उन्होंने आगे कहा कि ब्रह्मा बाबा का संपूर्ण जीवन यह प्रेरणा देता है कि आत्मिक जागृति से व्यक्ति स्वयं को बदले और सकारात्मकता के माध्यम से समाज में शांति और सद्भाव फैलाए। आज उनकी पुण्यतिथि को विश्व शांति दिवस के रूप में मनाना उनके सार्वभौमिक संदेश की सार्थक अभिव्यक्ति है।

कार्यक्रम का शुभारंभ राजयोग ध्यान से हुआ तथा समापन पुष्पांजलि अर्पण एवं विश्व शांति की सामूहिक प्रार्थना के साथ किया गया। संपूर्ण वातावरण श्रद्धा, शांति और सकारात्मक आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments