मुख पृष्ठराज्यउत्तर प्रदेशअयोध्या : महाशिवरात्रि पर्व पर भव्य आध्यात्मिक चेतना रैली का आयोजन

अयोध्या : महाशिवरात्रि पर्व पर भव्य आध्यात्मिक चेतना रैली का आयोजन

अयोध्या, उत्तर प्रदेश। पावन महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक महापर्व के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र, अयोध्या (फ़ैज़ाबाद) द्वारा सुबह 10:30 बजे से 12:30 बजे तक एक भव्य एवं प्रेरणादायी आध्यात्मिक चेतना रैली का आयोजन किया गया। यह रैली आध्यात्मिक जागृति, नैतिक मूल्यों के उत्थान एवं समाज में शांति-सद्भावना के प्रसार के उद्देश्य से निकाली गई, जिसने नगर वासियों के हृदय में नई चेतना का संचार किया।

रैली का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आलोक सिंह जी ने गुलाबबाड़ी मैदान से हरी झंडी दिखाकर किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि आज के समय में आध्यात्मिक मूल्यों का जागरण ही समाज को नई दिशा दे सकता है, और इस प्रकार के आयोजनों से जनमानस में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

यह आध्यात्मिक चेतना रैली गुलाबबाड़ी मैदान से प्रारंभ होकर गुदड़ी बाज़ार चौराहा, नियावाँ, रिकाबगंज, हनुमानगढ़ी होते हुए चौक पहुँची तथा पुनः चौक से गुलाबबाड़ी मैदान पर आकर संपन्न हुई। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन को आध्यात्मिक संदेश देती रही।
रिकाबगंज क्षेत्र में रैली का स्वागत CO अयोध्या श्रीयश त्रिपाठी द्वारा किया गया, जिन्होंने इस आध्यात्मिक पहल की सराहना करते हुए समाज में शांति एवं सद्भाव के संदेश को समय की आवश्यकता बताया।

रैली में ब्रह्माकुमारी अयोध्या सेवा केंद्र की प्रभारी बीके शशी दीदी के नेतृत्व में बीके अर्चना बहन, बीके शैलजा बहन, बीके रामजीत भाई, बीके सौरभ भाई, बीके कमलापति भाई, बीके महेश भाई, बीके शंकर लाल भाई सहित सेवा केंद्र की अन्य समर्पित बहनों एवं ब्रह्माकुमारी परिवार से जुड़े अनेक भाई-बहनों ने उत्साह एवं अनुशासन के साथ सहभागिता की। सभी प्रतिभागी सफेद वेशभूषा में दिव्यता और पवित्रता का संदेश देते हुए नगर भ्रमण करते दिखाई दिए।

रैली के दौरान परमात्मा शिव के अवतरण दिवस के आध्यात्मिक महत्व को जन-जन तक पहुँचाया गया। बैनरों, तख्तियों एवं मधुर ईश्वरीय गीतों के माध्यम से “स्वयं को जानो”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “शांति ही समाधान है” जैसे प्रेरणादायक संदेश दिए गए। राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों ने इस आध्यात्मिक पहल का स्वागत किया और इसे वर्तमान समय की आवश्यकता बताया।

वक्ताओं ने अपने संदेश में बताया कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्म-जागृति और आत्म-परिवर्तन का पावन अवसर है। यह वह शुभ घड़ी है जब परमात्मा शिव मानव जीवन में सत्य, पवित्रता और शक्ति का संचार करने हेतु अवतरित होते हैं। इस पर्व के माध्यम से मनुष्य को अपने वास्तविक स्वरूप आत्मा की पहचान कर जीवन को श्रेष्ठ बनाने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम का समापन विश्व शांति, मानव कल्याण एवं सुख-समृद्धि की मंगलकामनाओं के साथ किया गया। सम्पूर्ण आयोजन अनुशासित, गरिमामय एवं अत्यंत प्रेरणादायी रहा, जिसने नगर में आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments