लोगों को जागरूक करके ही मूल्य आधारित समाज की स्थापना की जा सकती है: केंद्रीय मंत्री मेघवाल
– 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव में शामिल हुए केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल
– मंत्री मेघवाल ने शिवलिंग का दूध और जल से किया अभिषेक- पूजन
– महाशिवरात्रि पर विश्वभर में आयोजित किए जाएंगे 51 हजार कार्यक्रम
– सेवाकेंद्रों द्वारा डेढ़ माह तक चलाया जाएगा त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव
– मप्र और छग से आए 15 हजार से अधिक लोग रहे मौजूद
आबूरोड, राजस्थान। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की स्थापना के 90 वर्ष पूर्ण होने पर इस वर्ष देश-विदेश में 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। संस्थान द्वारा महाशिवरात्रि पर विश्वभर में 51 हजार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यालय शांतिवन में शनिवार को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने शिवलिंग पर जल और दूध से अभिषेक कर पूजन किया। महोत्सव में मप्र और छग से आए 15 हजार से अधिक लोग मौजूद रहे।
महोत्सव में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ चारों दिशाओं में शिव का सात्विक तत्व फैला रही है। आज हम सभी को यह भाव अपने अंदर लाने की जरूरत है कि यह मेरा भारत है। हमें भारत अपना लगना चाहिए। आज सबसे ज्यादा मूल्य आधारित समाज बनाने की जरूरत है। इसके लिए समाज को जागरूक करने की जरूरत है। जब हमारी यह भावना हो जाएगी कि यह देश मेरा है, यह समाज मेरा है तो हम गंदगी नहीं करेंगे और भारत को विकसित करने के लिए कार्य करेंगे। जब यह भावना विकसित हो जाएगी तो तीसरा नेत्र जागृत हो जाएगा। सबसे ज्यादा सात्विक मूल्यों की ताकत भारत में ही विद्यमान है।
उन्होंने कहा कि जो आध्यात्मिक ज्ञान भारत के पास है वह विश्व के दूसरे देशों के पास कम है। जो कार्य ब्रह्माकुमारीज़ कर रही है, संसार में ऐसे लोग कम हैं। भारत ही एकमात्र ऐसा देश है जो आध्यात्मिकता को लेकर लीडरशिप कर सकता है। आज संसार में जो आध्यात्मिक क्षेत्र में लीडरशिप करता है तो वह भारत का ही होता है। उन्होंने वो भारत देश है मेरा…. गीत की लाइनों को गाते हुए कहा कि जहां सूरज की सबसे पहले रोशनी पड़ती है वह स्थान हमारे ही देश में है, वह अरुणाचल प्रदेश है। कभी सोचा नहीं था भगवान मिलेगा गीत की लाइनों को इंगित करते हुए केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि मेरा यहां आने में कई परिस्थितियां बनीं लेकिन भगवान की प्लानिंग थी तो मैं यहां पहुंच गया।

हमारी सरकार दंड संहिता से न्याय संहिता लाई-
केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि आज देश के कानूनों में तेजी से सुधार हो रहा है। अब तक हम अंग्रेजों के बनाए कानून चला रहे थे। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें इन कानूनों में सुधार करना है। अंग्रेजों को भारतीयों के लिए दंड देना था इसलिए वह दंड संहिता लेकर आए, लेकिन हमें अपने देश के लोगों को न्याय देना है इसलिए हम न्याय संहिता लेकर आए हैं। 1 जुलाई 2024 से पूरे देश में भारतीय दंड संहिता की जगह भारतीय न्याय संहिता लागू हो गई है। सीआरपीसी की जगह भारतीय सुरक्षा अधिनियम लागू हो गया। इस तरह हमारी सरकार ने अनेक अंग्रेजों के समय के कानूनों को बदला है। आज किसी कोर्ट में जब कोई फैसला सुनाया जाता है तो उसकी आदेश की प्रति ऑनलाइन जेल में भेज दी जाती है। ताकि बंदी को तुरंत रिहा किया जा सके।
नारी के नेतृत्व से ही भारत बनेगा विश्व गुरु-
भारतीय सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक महर्षि भृगु पीठाधीश्वर गोस्वामी सुशील महाराज ने कहा कि ब्रह्मा बाबा ने जो नारी सशक्तिकरण करके दिखाया ये कार्य अन्य कोई नहीं कर सकते हैं। अगर भारत को विश्व गुरु बनाना है तो नारियों के हाथ नेतृत्व देकर ही ये किया जा सकता है। भारतीय सर्व धर्म संसद भी विश्व बंधुत्व का कार्य कर रही है। जहां भी इस कार्य के लिए विदेशों में भी जाते हैं, ब्रह्माकुमारीज़ का केंद्र मिल जाता है और आप लोगों से मिलना होता है। एक बार मैंने एक अधिवेशन में पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल और राजमाता भी उपस्थिति में कहा कि नारी सशक्तिकरण तब सिद्ध होगा जब देश के सर्वोच्च पद पर नारी विराजमान होगी, तो दो दिन बाद ही प्रतिभा पाटिल का राष्ट्रपति पर चयन हो गया। आज भी जो राष्ट्रपति हैं वो भी आप सब के बीच में से हैं।
इन्होंने भी किया संबोधित-
– अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके जयंती दीदी ने कहा कि आज हम सभी शिव बाबा का जन्मदिन मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। शिव ज्योतिर्बिंदु हैं, कल्याणकारी हैं और इस सृष्टि के बीज रूप हैं। जब हम ज्ञान का प्रैक्टिकल जीवन में उपयोग करते हैं तो हमारी आध्यात्मिक उन्नति होती है। ज्ञान का मतलब है चढ़ती कला अर्थात् निरंतर उन्नति की ओर बढ़ना। परमात्मा शिव ही हम सभी आत्माओं के माता-पिता, बंधु और सखा हैं। परमात्मा को जानने के बाद हमें जीवन में कुछ पाना शेष नहीं रह जाता है।
– अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि आज का दिन ब्रह्माकुमारी के इतिहास में एक स्वर्णिम दिन है क्योंकि आज के दिन परमात्मा शिव ने साकार मनुष्य तन का आधार लेकर अज्ञानता का अंधकार दूर करने के लिए ज्ञान का दीप प्रज्जवलित किया था। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से देशभर में संचालित शराब की दुकानों को बंद करवाने का भी आग्रह किया।
देश-विदेश में डेढ़ माह तक चलेगा शिव जयंती महोत्सव-
बता दें कि 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव के तहत संस्थान के रिट्रीट सेंटर से लेकर सेवाकेंद्र, उपसेवाकेंद्र और पाठशालाओं में डेढ़ माह तक शिव जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान शिव ध्वजारोहण कर लोगों को शिव ध्वज के नीचे बुराइयों छोड़ने, व्यसन-विकारों से दूर रहने की प्रतिज्ञा कराई जाएगी। देश-विदेश में 51 हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ये भी रहे मौजूद-
महोत्सव में राजयोगिनी जयंती दीदी ने केंद्रीय मंत्री को शॉल पहनाकर और परमात्मा का स्मृति चिंहृ देकर सम्मान किया। इस मौके पर मंच पर लंदन से आए बीके नेविल भाई, इंदौर जोन की निदेशिका बीके हेमलता दीदी, शिक्षा प्रभाग की मुख्यालय संयोजिका बीके शिविका बहन भी मौजूद रहीं। वहीं मानपुर हवाई पट्टी पर विधायक समाराम गरासिया, पूर्व विधायक जगसीराम कोली, एसपी प्यारे लाल, एसडीएम अंशुप्रिया, भाजपा के प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित सहित ब्रह्माकुमारीज़ के प्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने मंत्री का स्वागत किया। संचालन छग धमतरी की बीके सरिता दीदी ने किया।
झलकियां-
– मप्र के नरसिंहपुर से आईं बालिकाओं ने ऊं नम: शिवाय गीत पर प्रस्तुति देकर महोत्सव में समां बांध दिया।
– शिव जयंती महोत्सव को लेकर पूरे शांतिवन परिसर को शिव ध्वज से सजाया गया।
– डायमंड हाल में विशेष रूप से साज-सज्जा की गई।
– मधुरवाणी ग्रुप के कलाकारों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
– रविवार को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रिमोट से वरिष्ठ पदाधिकारी करेंगे शिव ध्वजारोहण।








