ग्वालियर,मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा महाशिवरात्रि के पावन अवसर की पूर्व संध्या पर “महाशिवरात्रि महोत्सव” का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का आयोजन मेरिज गार्डन, जैन छात्रावास, ग्वालियर में किया गया,
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्वालियर पूर्व क्षेत्र से विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार, भाजपा प्रदेश कार्य समिति आशीष प्रताप सिंह राठौड़, ब्रह्माकुमारीज केंद्र प्रमुख बीके आदर्श दीदी, मुरार ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस विनोद जैन, आरोग्य भारती से डॉ एस पी बत्रा, डॉ आमोद गुप्ता, श्री राम सविता जी, व्यवसायी गोविंद सिंह, सुरेश बंसल, दिनेश जैन, पार्षद अनिल साँखला, स्वदेश के समूह संपादक अतुल तारे, समाज सेवी महिमा तारे, अमित द्विवेदी, रोहित उपाध्याय, प्रदीप शर्मा, भारतीय योग संस्थान से महेश अग्रवाल, लक्षमण सिंह, डॉ गुरचरण सिंह, डॉ केके तिवारी, विनोद केशवानी, विनोद गुप्ता, सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं ईश्वरीय स्मृति के साथ किया गया। इसके पश्चात भक्ति संगीत एवं आध्यात्मिक गीतों की मधुर प्रस्तुतियाँ हुईं, जिसने समूचे वातावरण को शिवमय बना दिया। पं. श्री अंकित शर्मा एवं श्री अखिलेश द्विवेदी द्वारा प्रस्तुत भजन संध्या ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी हुईं, जिनमें शिवरात्रि पर्व के आध्यात्मिक संदेश को सुंदर रूप से प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संयोजन बी.के. ज्योति दीदी द्वारा किया गया।
मुख्य आकर्षण के रूप में आयोजित राजयोग ध्यान सत्र में उपस्थित जनसमूह को आत्म-अनुभूति एवं परमात्मा की दिव्य शक्तियों का अनुभव कराया गया। ध्यान सत्र का संचालन राजयोगिनी बी.के. आदर्श दीदी जी, राजयोगी बी.के. प्रहलाद तथा राजयोगी बी.के. डॉ. गुरचरण द्वारा किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महाशिवरात्रि आत्म-जागृति का पर्व है, जिसमें व्यक्ति अपने भीतर की आत्मिक शक्ति को पहचानकर परमात्मा से संबंध जोड़ता है।
ध्यान अभ्यास के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने गहन शांति, सकारात्मक ऊर्जा तथा दिव्य अनुभूति का अनुभव किया। कार्यक्रम में राजयोग के माध्यम से तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच एवं आत्मशक्ति जागरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों को ईश्वरीय प्रसाद वितरित किया गया तथा आयोजकों द्वारा समाज में शांति एवं सद्भावना के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त की गईं।
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन संस्था के 90वें स्थापना वर्ष (1936-2026) नवदशक महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागृति एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना है।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ गुरचरण सिंह द्वारा किया गया तथा आभार बीके जीतू ने किया।












