मुख पृष्ठशिव जयंतीहिसार: हॉट एयर बैलून, 12 ज्योतिर्लिंग दर्शन और 30,000 श्रद्धालुओं की सहभागिता...

हिसार: हॉट एयर बैलून, 12 ज्योतिर्लिंग दर्शन और 30,000 श्रद्धालुओं की सहभागिता से ऐतिहासिक बना महाशिवरात्रि महोत्सव

शिवमय हुआ हिसार: दो दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव में उमड़ा अभूतपूर्व जनसैलाब

हिसार, हिरयाणा । ब्रह्माकुमारीज़ हिसार द्वारा 90 वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती के पावन उपलक्ष्य में आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव — “महादेव से महामिलन का महामेला” अत्यंत भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। दो दिनों तक चले इस विराट आध्यात्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर इसे अविस्मरणीय बना दिया।
प्रथम दिवस: शिव ध्वज से हुआ शुभारंभ, 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति
महोत्सव के प्रथम दिवस का शुभारंभ शिव ध्वज फहराकर किया गया। सभी ब्रह्माकुमार एवं ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों ने शिव ध्वज के नीचे खड़े होकर अपने जीवन को श्रेष्ठ, पवित्र एवं नैतिक बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
पहले दिन लगभग 10,000 से अधिक श्रद्धालु मेले में पहुँचे और कार्यक्रम की भव्यता की सराहना की।
मेले का मुख्य आकर्षण रहा 20 फीट ऊँचा भव्य महाशिवलिंग, जो पूरे आयोजन का केंद्र बिंदु बना रहा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ दर्शन किए और दिव्यता का अनुभव किया।
इस दिन का विशेष आकर्षण रहा हॉट एयर बैलून, जिसने पूरे मेले की शोभा बढ़ा दी। हॉट एयर बैलून के माध्यम से ब्रह्माकुमार एवं ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों ने 20 फीट महाशिवलिंग पर पुष्प अर्पित किए। ऊँचाई से पुष्प वर्षा का यह दृश्य अत्यंत मनोहारी, रोमांचकारी एवं आस्था से परिपूर्ण रहा। हजारों श्रद्धालु इस दिव्य क्षण के साक्षी बने और यह आयोजन का सबसे आकर्षक दृश्य बन गया।
वर्चुअल रियलिटी (VR) शो ने भी विशेष लोकप्रियता प्राप्त की। इस माध्यम से श्रद्धालुओं ने आत्मा एवं परमात्मा के आध्यात्मिक स्वरूप का गहन अनुभव किया। यह आकर्षण दोनों दिनों में सबसे अधिक मांग वाला रहा।
विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन भी किया गया, जिसमें उपस्थित भाई-बहनों ने अपने जीवन की किसी न किसी बुराई की सच्ची आहुति देकर समाज को श्रेष्ठ एवं नैतिक बनाने का दृढ़ संकल्प लिया।
इस दिन विभिन्न गणमान्य अतिथियों की भी उपस्थिति रही, जिनमें हिसार मंडल के आयुक्त श्री रवि प्रकाश गुप्ता जी, संत सुरभि जी (कृष्णा प्रणामी), डीएसपी वीरेंद्र जी सहित अन्य विशिष्ट अतिथि सम्मिलित रहे।
द्वितीय दिवस: शिव जयंती पर ध्वजारोहण, 20,000 से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी
दूसरे दिन शिव जयंती के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ के मुख्य सेवा केंद्र, मोहल्ला ज्योतिपुरा में शिव ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर हिसार के माननीय मेयर श्री प्रवीण पोपली जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी मेयर पद की यात्रा एक वर्ष पूर्व इसी पावन स्थल से आरंभ की थी और आज पुनः यहाँ आकर परमात्मा शिव का आशीर्वाद लेना उनके लिए गौरव का विषय है।
दूसरे दिन मेले में 20,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने 12 ज्योतिर्लिंग दर्शन, वैल्यू गेम्स, हॉट एयर बैलून, VR शो एवं अन्य आध्यात्मिक गतिविधियों का भरपूर लाभ उठाया।
हॉट एयर बैलून के माध्यम से अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी महाशिवलिंग पर पुष्प अर्पित किए।
डॉ. बी.आर. कम्बोज (कुलपति, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय) ने पुष्प अर्पित करते हुए कहा, “यह अत्यंत सुंदर और खूबसूरत क्षण था, मानो स्वयं भगवान शिव ने हमारे द्वारा अर्पित पुष्पों को स्वीकार किया हो।”
डॉ. पवन कुमार (रजिस्ट्रार, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय) ने भी महाशिवलिंग पर पुष्प अर्पित कर शिव जयंती की शुभकामनाएँ दीं।
विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती वंदना बिश्नोई (धर्मपत्नी कुलपति, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय), डॉ. कमल गुप्ता (पूर्व विधायक, हिसार), एसडीएम ज्योति मित्तल जी, भव्य बिश्नोई एवं भूपेंद्र पनिहार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आध्यात्मिक जागृति का विराट अभियान
दो दिनों में कुल मिलाकर लगभग 30,000 से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। 20 फीट महाशिवलिंग की दिव्यता, 12 ज्योतिर्लिंगों की झांकी, हॉट एयर बैलून द्वारा पुष्प अर्पण, वर्चुअल आध्यात्मिक अनुभव, हवन-यज्ञ एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित गतिविधियों ने समाज में सकारात्मकता और आध्यात्मिक चेतना का सशक्त संदेश दिया।
ब्रह्माकुमारीज़ के अनुसार यह महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में शांति, नैतिकता और आध्यात्मिक जागृति का एक विराट अभियान है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments