व्यापारी केवल कमाता नहीं, अपितु दाता भी है – बी.के. गीता
छतरपुर, म.प्र.। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित सप्त दिवसीय द्वादश ज्योतिर्लिंग मेला के अंतर्गत आज व्यापारियों के लिए एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

संगोष्ठी की मुख्य वक्ता भीनमाल (राजस्थान) से पधारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी गीता दीदी ने कहा कि आज वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारतीय व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत की विशाल जनसंख्या के कारण पूरे विश्व की दृष्टि भारत पर टिकी हुई है और समाज का प्रत्येक वर्ग व्यापार से प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि जब भी समाज में कोई अच्छा कार्य होता है या किसी प्रकार की आपदा आती है, तब सबसे पहले व्यापारियों को ही याद किया जाता है, क्योंकि सहायता के लिए वे सदैव अग्रणी रहते हैं। यह संस्कार हमें हमारे पूर्वजों से प्राप्त हुए हैं, इसी कारण कहा जा सकता है कि व्यापारी केवल कमाता नहीं, अपितु दाता भी है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत “परमात्मा का सत्य परिचय” विषयक नृत्य-नाटिका रही। विशेष प्रस्तुति के रूप में मेजर ध्यानचंद अवार्ड से सम्मानित बी.के. आशीष भाई ने अपने दांतों से बस खींचने का अद्भुत प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को आश्चर्यचकित कर दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए बी.के. रूपा दीदी ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य मूल्यनिष्ठ समाज की स्थापना करना है। कोई एक व्यक्ति अकेले घर को मंदिर नहीं बना सकता, इसके लिए पूरे परिवार का सहयोग आवश्यक है।
इसके पश्चात छतरपुर सेवा केंद्र प्रभारी बी.के. शैलजा दीदी ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त व्यापारी बंधुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में टिम्बर एसोसिएशन अध्यक्ष भ्राता कौशल किशोर, छतरपुर गैस एजेंसी संचालक भ्राता हरगोविंद गांधी, जिला थोक वस्त्र विक्रेता कल्याण संघ समिति अध्यक्ष भ्राता आनंद अग्रवाल, रीजेंसी होटल संचालक भ्राता चानना जी सहित लगभग 250 व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के पश्चात सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। तत्पश्चात सभी ने मिलकर द्वादश ज्योतिर्लिंग मेला की आरती की।








