अमरावती,महाराष्ट्र: ब्रह्मा कुमारीज अमरावती समाज सेवा प्रभाग की ओर से श्रेष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं सत्कार समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ एवं सम्माननीय नागरिकों का शॉल, श्रीफल एवं ईश्वरीय सौगात भेंट कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन बीके तेजल दीदी ने प्रभावशाली एवं सुसंगठित रूप से किया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात बीके प्रमोद भाई ने “ये तो सच है कि भगवान है, मगर फिर भी अनजाने हैं” इस भावपूर्ण गीत की प्रस्तुति देकर वातावरण को आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत कर दिया।
बीके जीविका बहन ने सुंदर नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक गरिमा का समावेश हुआ।
अध्यक्षीय उद्बोधन में आदरणीय सीता दीदी जी ने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे संस्कारमय कार्यक्रमों की अत्यंत आवश्यकता है। इन आयोजनों से बच्चों एवं युवाओं में बड़ों के प्रति सम्मान, सेवा और कृतज्ञता के संस्कार विकसित होते हैं। उन्होंने बताया कि समाज सेवा प्रभाग के माध्यम से ब्रह्मा कुमारीज संस्था संपूर्ण विश्व में श्रेष्ठ नागरिकों की सेवा एवं आध्यात्मिक जागरूकता का कार्य निरंतर कर रही है।
बीके राजेश भाई ने अपने वक्तव्य में कहा कि जीवन के इस पड़ाव से हम सभी को गुजरना है, इसलिए हमें अपने आसपास रहने वाले वरिष्ठजनों का विशेष ध्यान रखना चाहिए और उनका सम्मान करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा शांति संदेश और प्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।




