नरसिंहपुर,मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय केंद्र ‘दिव्य संस्कार भवन’, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में होली एवं भाई दूज के पावन अवसर पर एक गरिमामय ‘अलौकिक होली स्नेह-मिलन एवं ब्रह्माभोजन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला मीडिया जगत के लिए समर्पित इस विशेष आयोजन में जिले के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों ने सपरिवार शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जिसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर ईश्वरीय स्मृति की गई। इस पावन अवसर पर मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारी कुसुम दीदी ने पत्रकारों के सम्मान में प्रेरक विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि “जिस प्रकार देवों में प्रथम पूज्य श्री गणेश जी होते हैं, उसी प्रकार समाज के किसी भी महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सबसे पहले पत्रकार बंधुओं को ही आमंत्रित किया जाता है।” उन्होंने पत्रकारों को समाज का ‘अग्रज’ बताते हुए कहा कि बाहर के रंगों के साथ-साथ ज्ञान और सद्गुणों के रंग से आत्मा को रंगना ही सच्ची होली है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के नकारात्मक प्रभावों पर जताई चिंता
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण जीवन प्रबंधन विशेषज्ञ ब्रह्माकुमारी पूजा दीदी रहीं। उन्होंने अपने ओजस्वी उद्बोधन में जीवन के चार महत्वपूर्ण स्तंभों ‘4M’— मनी (Money), मटेरियल (Material), मीडिया (Media) और ‘मैं’ (Ego) पर विस्तृत प्रकाश डाला। पूजा दीदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव और उसके नकारात्मक पहलुओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि तकनीकी युग में मानवीय संवेदनाओं को बचाए रखना बड़ी चुनौती है। उन्होंने जीवन प्रबंधन का सूत्र देते हुए बताया कि “मात्र 2 मिनट का मेडिटेशन आपकी 2 घंटे की कार्यक्षमता को बढ़ा सकता है, जबकि 2 मिनट का गुस्सा उसे घटा देता है।”
ब्रह्माकुमारी प्रीति दीदी ने कराया राजयोग और मेडिटेशन का अभ्यास
कार्यक्रम के अत्यंत महत्वपूर्ण और ऊर्जावान सत्र में ब्रह्माकुमारी प्रीति दीदी ने उपस्थित सभी पत्रकार भाई-बहनों और उनके परिवारों को राजयोग आधारित विशेष गतिविधियां कराईं। प्रीति दीदी ने सहज राजयोग के माध्यम से स्वयं को एकाग्र करने के सरल तरीके बताए और सभी को राजयोग मेडिटेशन (ध्यान) का गहन अभ्यास कराया। इस सत्र के दौरान पूरे हॉल में गहरी शांति और सकारात्मकता का संचार हुआ, जिससे सभी प्रतिभागियों ने मानसिक हल्कापन और आत्मिक आनंद का अनुभव किया। दीदी ने बताया कि कैसे दैनिक जीवन की भागदौड़ के बीच हम राजयोग के माध्यम से स्वयं को तरोताजा रख सकते हैं।
वरिष्ठ पत्रकारों ने साझा किए अनुभव
इस स्नेह-मिलन में वरिष्ठ पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे। नई दुनिया के वारिज वाजपेई ने मधुर देवी गीत प्रस्तुत किया और संस्थान के वैश्विक क्रांति के प्रयासों की सराहना की। पत्रकार अमित जैन ने कहा कि यह संस्था समाज के हर उस वर्ग तक पहुँचती है जहाँ कोई और नहीं पहुँच पाता। वरिष्ठ पत्रकार नीलेश जाट ने संस्थान से मिलने वाली सकारात्मक ऊर्जा की प्रशंसा की, तो वहीं पत्रकार विपिन बैरागी ने आध्यात्मिकता को स्वयं को पहचानने का सशक्त माध्यम बताया।
ब्रह्माभोजन और मंगल मिलन
कार्यक्रम के समापन पर ब्रह्माकुमारी कुसुम दीदी ने सभी पत्रकारों को तिलक और वरदान देकर सम्मानित किया। अंत में सभी आगंतुकों ने अनुशासित वातावरण में ‘ब्रह्माभोजन’ ग्रहण किया। इस सफल आयोजन ने न केवल पत्रकारों को मानसिक शांति प्रदान की, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे की एक नई मिसाल पेश की।



