रीवा, मध्य प्रदेश। विश्व रंगमंच दिवस के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज, भोपाल जोन के तत्वावधान में एक भव्य एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रंगमंच, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष ऊँचाइयाँ प्रदान कीं।
इस अवसर पर प्रसिद्ध नाटक निर्देशक, लेखक एवं रंगकर्मी श्री हिरेंद्र सिंह बघेल, ब्रह्माकुमारीज की जोनल संयोजिका (कला एवं संस्कृति प्रभाग) बीके निर्मला दीदी, नाटक निर्देशक श्री अजय दहिया, हिंदू धर्म परिषद के संरक्षक श्री नारायण डिगवानी, प्रसिद्ध गायक श्री नीलेश श्रीवास्तव तथा नवोदित नाटककार श्री संजय सेन अपनी संपूर्ण टीम के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने रंगमंच की महत्ता पर अपने प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में कला की भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और संस्कारों को सशक्त बनाने का एक प्रभावशाली साधन है।
इस गरिमामयी अवसर पर सभी विशिष्ट अतिथियों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिकता, सृजनात्मकता एवं सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया गया।
आभार प्रदर्शन प्राचार्य दीपक तिवारी के द्वारा किया गया।






