टोंक,राजस्थान। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, शाखा टोंक द्वारा “विश्व शांति, एकता एवं विश्वास के निर्माण में मीडिया की सकारात्मक भूमिका” विषय पर एक गरिमामय मीडिया सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से अनेक मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर केंद्र की कुमारियों द्वारा सुंदर एवं मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने कार्यक्रम में आध्यात्मिकता एवं सांस्कृतिक गरिमा का वातावरण निर्मित कर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में जयपुर से पधारी ब्रह्माकुमारीज मीडिया प्रभाग की जोनल को-ऑर्डिनेटर राजयोगिनी बीके चंद्रकला दीदी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि मीडिया अपनी आंतरिक शक्ति के बल पर समाज की दिशा बदलने का सामर्थ्य रखता है। उन्होंने कहा कि मीडिया कर्मी कलम के धनी होते हैं, और उनकी लेखनी भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने कहा कि “कलम कमाल भी कर सकती है और धमाल भी”, इसलिए मीडिया को अपनी शक्ति का उपयोग समाज को एकजुट करने और सकारात्मक परिवर्तन लाने में करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि मीडिया में अदम्य साहस और चुनौतियों का सामना करने की शक्ति उसके आंतरिक एवं आध्यात्मिक बल से आती है। इसके लिए मेडिटेशन अत्यंत आवश्यक है, जिससे मन संतुलित रहता है और कार्य में सत्यनिष्ठा बनी रहती है। उन्होंने सभी को दिन की शुरुआत ध्यान के साथ करने का संदेश दिया।
विशिष्ट अतिथि जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता श्री निरंजन लाल मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा समाज में आध्यात्मिकता, नैतिकता और सकारात्मकता का जो संदेश दिया जा रहा है, वह वर्तमान समय में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज द्वारा संचालित सेवाएँ लोगों के जीवन में आंतरिक शांति, संतुलन और मूल्यों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आज के सूचना एवं संचार युग में मीडिया केवल समाचार देने का माध्यम नहीं रहा, बल्कि समाज की सोच और दिशा को प्रभावित करने वाली एक सशक्त धुरी बन चुका है। मीडिया अंधकार में प्रकाश फैलाने, निराशा में आशा जगाने और समाज को एकता के सूत्र में जोड़ने की क्षमता रखता है।
उन्होंने मीडिया से आह्वान किया कि वह सनसनी के बजाय सत्य, संवेदनशीलता और समाधान को प्राथमिकता दे तथा ब्रह्माकुमारीज के मूल्यों जैसे शांति, प्रेम और नैतिकता को भी समाज तक पहुँचाने में सहयोग करे। साथ ही उन्होंने सभी मीडिया प्रतिनिधियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम के अंत में स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी अपर्णा दीदी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित मीडियाकर्मियों का आभार व्यक्त किया। सभी मीडिया बंधुओं को ईश्वरीय सौगात के रूप में उपहार प्रदान किए गए तथा सभी के लिए स्नेहपूर्वक ब्रह्मा भोजन (प्रसाद) की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर जिलेभर से बड़ी संख्या में पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक बना।





