इंदौर, प्रेमनगर, मध्य प्रदेश । पृथ्वी दिवस (22 अप्रैल) के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, प्रेमनगर, इंदौर द्वारा अनुभूति भवन में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत तथा धरती को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत कु. परी द्वारा मनमोहक स्वागत नृत्य से हुई, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों एवं दर्शकों का हृदय स्पर्श कर लिया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भ्राता जितेंद्र संगतानी (सीईओ, डुकास्ट फैक्ट्री, दुबई), भ्राता हंसराज कंधारी (व्यवसायी, जर्मनी), ब्रह्मा कुमार चंदन मेलवानी (ऑक्सफोर्ड सेंटर, लंदन एवं पूर्व सॉफ्टवेयर इंजीनियर) तथा ब्रह्मा कुमार राजकुमार राठौर (संस्थापक, रुपीज़ फिनटेक प्रा. लि.) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीके शशि दीदीजी (प्रभारी, प्रेमनगर यूनिट) द्वारा की गई। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि पृथ्वी केवल एक ग्रह नहीं बल्कि हमारा जीवनदायी घर है, जिसे हम प्रदूषण, प्लास्टिक उपयोग और वनों की कटाई से नुकसान पहुँचा रहे हैं। उन्होंने सभी को बिजली व पानी की बचत, प्लास्टिक का कम उपयोग और अधिक से अधिक पेड़ लगाने जैसे छोटे-छोटे प्रयास अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि पृथ्वी को बचाना केवल सरकार या किसी एक संस्था का कार्य नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हम आज जागरूक नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों को असंतुलित वातावरण का सामना करना पड़ेगा। अंत में उन्होंने सभी से संकल्प करवाया—
“जब धरती मुस्कुराएगी, तभी हमारी दुनिया खुशहाल बनेगी।”
ब्रह्मा कुमार चंदन भाई ने प्रकृति के पंच तत्वों पर आधारित सशक्त कमेंट्री के माध्यम से राजयोग मेडिटेशन की गहन अनुभूति करवाई, जिससे उपस्थित सभी ने सकारात्मक ऊर्जा और शांति का अनुभव किया।
भ्राता हंसराज कंधारी ने सभी को पृथ्वी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। वहीं भ्राता जितेंद्र संगतानी ने अपने विचार साझा करते हुए पृथ्वी दिवस के महत्व, पर्यावरण संतुलन और वैश्विक जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन बीके यशवनी दीदी (प्रभारी, इंदौर बिजलपुर) द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक रूप से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत सभी अतिथियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया तथा उपस्थित सभी ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक रही।अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने एवं अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम सभी के लिए प्रेरणादायक एवं जागरूकता से भरपूर रहा।






