सोनीपत, हरियाणा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, सेक्टर-15, सेवा केन्द्र द्वारा “मदर्स डे” के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत सफलतापूर्वक एवं आध्यात्मिक गरिमा के साथ सम्पन्न किया गया।
इस कार्यक्रम में स्थानीय मातृशक्ति, समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन सेवा केन्द्र संचालिका आदरणीय बी.के. प्रमोद दीदी जी द्वारा किया गया। दीदी जी ने अपने मधुर वक्तव्य में मातृत्व के आध्यात्मिक स्वरूप, संस्कार निर्माण में माता की भूमिका तथा परिवार एवं समाज में नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री मेघा देवान जी (वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री, हरियाणा) एवं सुश्री पायल मलिक जी (कांग्रेस नेत्री, सोनीपत) विशेष रूप से अपनी स्वप्रेरणा एवं अपने निजी माध्यमों से सम्पूर्ण परिवार के साथ इस कार्यक्रम में सम्मिलित होकर मातृशक्ति सम्मान के इस आयोजन की शोभा बढ़ाने हेतु पधारीं। दोनों अतिथियों ने ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा समाज में नैतिक एवं आध्यात्मिक जागृति हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा मातृशक्ति के सम्मान एवं संस्कार निर्माण के इस अभियान को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के माध्यम से सभी उपस्थित जनों को आध्यात्मिक मूल्यों, पारिवारिक एकता एवं मातृत्व की दिव्य विशेषताओं का संदेश प्राप्त हुआ।




