मुख पृष्ठराज्यमध्य प्रदेश।देवतालाब: पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर देवतालाब मंदिर परिसर में ब्रह्मा...

देवतालाब: पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर देवतालाब मंदिर परिसर में ब्रह्मा कुमारीज़ द्वारा धर्म, अध्यात्म और नशा मुक्ति का दिया संदेश

देवतालाब,मध्य प्रदेश। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में ब्रह्मा कुमारीज़ देवतालाब द्वारा धर्म, अध्यात्म, तनाव मुक्ति एवं नशा मुक्ति पर आधारित विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव-गांव से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, शिव भक्त एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सुबह से लेकर देर शाम तक कई हजारों की तादात में श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी एवं 12 ज्योर्तिलिंगम के दिव्य दर्शन का लाभ लिया। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन शैली अपनाकर तनावमुक्त एवं सुखमय जीवन जीने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर बीके लता, संचालिका ब्रह्मा कुमारीज़ रीवा ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, नशा और पारिवारिक अशांति के बीच अध्यात्म ही मनुष्य को सही दिशा प्रदान कर सकता है। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मन एवं विचारों को सकारात्मक बनाने तथा परिवार में प्रेम, शांति और संस्कार बनाए रखने की कला समझाई। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वयं शांत और सकारात्मक बनता है, तभी समाज में भी शांति और सद्भावना का वातावरण निर्मित होता है।
कार्यक्रम में उपस्थित बीके अंशिका ने मधुर आध्यात्मिक गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भक्ति एवं शिव महिमा से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।
इस विशेष आयोजन में ए.एस.आई. ओम प्रकाश जी एवं पटवारी सुमित शुक्ला जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने समाज में धर्म एवं अध्यात्म आधारित नशा मुक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने एवं सकारात्मक दिशा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने लोगों से सामाजिक सद्भाव, नैतिक मूल्यों एवं नशा मुक्त जीवन अपनाने की अपील भी की।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं युवाओं को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया गया। सभी ने शराब, तंबाकू एवं अन्य व्यसनों से दूर रहकर स्वस्थ, संस्कारित एवं सकारात्मक जीवन जीने का प्रण लिया। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को समाज में आध्यात्मिक जागरूकता एवं नैतिक मूल्यों को मजबूत करने वाला प्रेरणादायी कार्यक्रम बताया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments