“योग के साथ राजयोग अपना कर करें सर्वांगीण विकास”
इंदौर,मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के क्षेत्रीय मुख्यालय न्यू पलासिया स्थित ओमप्रकाश भाईजी सभागृह ज्ञान शिखर में धूमधाम से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। श्वेत वस्त्र में सैकड़ों भाई -बहनों ने योगाचार्य बहन ममता गार्गव के मार्गदर्शन में प्रातः 7:00 बजे से विधिवत योग की सभी क्रियाओं का अभ्यास किया। साथ ही राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास द्वारा सारे विश्व में शांति और सद्भाव के प्रकंपन फैलाए।
इस अवसर पर “योग द्वारा स्वस्थ तन, शांत मन और दिव्य जीवन” विषय पर आयोजित परिचर्चा में इंदौर ज़ोन की क्षेत्रीय निर्देशिका ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी ने कहा कि नियमित योग के अभ्यास से हमारा तन स्वस्थ होता है, लेकिन आज मनुष्य के पास स्वस्थ तन और अथाह सुख सुविधा होने के बावजूद भी मन चिंता और तनाव से ग्रसित है। ऐसे समय में हम योग के साथ राजयोग का अभ्यास करें, तो हमारी आंतरिक शक्तियां जागृत हो जाती है, सर्वशक्तिमान परमात्मा से कनेक्शन जोड़ने से मन में सुख ,शांति और कर्मों में दिव्यता आती है।
विशेष अतिथि के रूप में शुभदीप आयुर्वैदिक कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर जयशंकर प्रसाद ने कहा हमारे भारत की संस्कृति का हिस्सा योग आज सारी दुनिया में अपना रहे है यही अंतर्राष्ट्रीय योग की सार्थकता है। आपने महर्षि पतंजलि के द्वारा सिखाए अष्टांग योग की विस्तृत व्याख्या करते हुए कहा कि योग ने हमें शारीरिक स्वास्थ्य की ऊंचाईयों तक पहुंचाया है, वहीं राजयोग हमारे मन को एकाग्र कर जीवन के ध्येय तक ले जाता है।
जबलपुर से पधारी वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी विमला दीदी ने कहा कि आज जितनी समस्या शारीरिक बीमारी की है उससे कही ज्यादा मानसिक बीमारियां बढ रही है। शारीरिक बीमारियों के लिए तो अनेक हॉस्पिटल बने हैं लेकिन ब्रह्माकुमारी में सिखाया जा रहा राजयोग वह अचूक औषधि है जिससे मन स्वस्थ हो जाता है और हमारा शारीरिक ,मानसिक सामाजिक, आध्यात्मिक सर्वांगीण विकास हो जाता है ।
आयुष विभाग की ओर से पधारे डॉक्टर शीतल सोलंकी ने कहा कि योगासन सिर्फ एक दिन नहीं अपितु नियमित करें तो रोगों की उत्पत्ति ही नहीं होगी। यह सभी उम्र के लोगों को करना चाहिए। हम योग और राजयोग के अभ्यास से स्वस्थ समाज बना सकते हैं।
शक्ति निकेतन की संचालिका करुणा दीदी ने राजयोग का अर्थ बताकर गहन अनुभूति कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर शक्ति निकेतन की कुमारियों ने देशभक्ति के गीत पर योगा डांस कर सभी को भाव विभोर कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रेमनगर क्षेत्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी शशि दीदी ने किया। पूरे ब्रह्माकुमारी संस्थान में लगभग 10 लाख लोगों ने स्वस्थ, सुखी और नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया।









