मुंबई,महाराष्ट्र: ब्रह्माकुमारीज़ के मीडिया एवं जनसंपर्क सेवाओं के राष्ट्रीय समन्वयक, प्रख्यात आध्यात्मिक प्रेरक वक्ता तथा 9500 से अधिक प्रकाशित लेखों के लोकप्रिय स्तंभकार राजयोगी ब्रह्माकुमार निकुंज को हाल ही में भारत के सबसे प्रतिष्ठित और लगभग एक शताब्दी पुराने समाचार पत्र, द फ्री प्रेस जर्नल (FPJ) के मुंबई स्थित मुख्यालय में आमंत्रित किया गया |
पिछले डेढ़ दशक से भी अधिक समय से फ्री प्रेस जर्नल में नियमित साप्ताहिक स्तंभ लिख रहे राजयोगी निकुंज का समाचार पत्र के मैनेजिंग डायरेक्टर अशोक करनानी ने बड़ी आत्मीयता से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने संपादकीय टीम एवं पत्रकारों को संबोधित करते हुए अपनी प्रेरणादायी जीवन-यात्रा साझा की तथा कहा कि पत्रकारिता की वास्तविक शक्ति निर्भीकता, सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों में निहित है।
उन्होंने कहा कि मीडिया केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने की एक महत्वपूर्ण शक्ति है। यदि पत्रकारिता सत्य, संवेदनशीलता और मूल्यों के साथ की जाए, तो वह समाज में आशा, जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन सकती है।
इस अवसर पर राजयोगी निकुंज ने फ्री प्रेस जर्नल के लोकप्रिय पॉडकास्ट “Buzz by the Bay” में भी भाग लिया, जिसका संचालन अनुष्का जगतियानी ने किया। इस विशेष संवाद में राजयोगी निकुंज ने अपनी प्रेरणादायी आध्यात्मिक यात्रा साझा करते हुए बताया कि कैसे ईश्वर के अस्तित्व पर प्रश्न उठाने वाले एक जिज्ञासु मन से उनकी यात्रा राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से आत्म-परिवर्तन तक पहुँची। बातचीत के दौरान विचारों की शक्ति, चेतना के माध्यम से जीवन-निर्माण, जीवन का उद्देश्य, भावनात्मक चुनौतियों से उभरने के उपाय तथा आज की तेज़ रफ्तार जीवनशैली में आंतरिक शांति और स्थायी खुशी प्राप्त करने जैसे अनेक समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। यह प्रेरक संवाद अध्यात्म और दैनिक जीवन के गहरे संबंध को सहज एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है।
यह भेंट अध्यात्म और मीडिया के बीच एक सार्थक संवाद का माध्यम बनी, जिसने इस विचार को और अधिक सशक्त किया कि एक जागरूक, नैतिक और सकारात्मक समाज के निर्माण में दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है।


Watch the full Podcast on/ पॉडकास्ट लिंक: https://youtu.be/yxLDBrr4oIo





