Homeब्र. कु. सूर्यमन की बातें -राजयोगी ब्र.कु. सूरज भाई

मन की बातें -राजयोगी ब्र.कु. सूरज भाई

प्रश्न : गुरु का निंदक ठौर न पाए, इसका सही अर्थ क्या है?
उत्तर : बहुत से लोग अनेक गुरु करते हैं, इसमें कोई डरने की बात नहीं है। क्योंकि एक गुरु से हमें एक तरह की प्राप्ति हुई, दूसरे गुरु से दूसरे तरह की प्राप्ति हुई इसमें गुरु की निंदा या ग्लानि जैसी कोई बात नहीं है। लेकिन जब भगवान का मामला सामने आ गया हो, ये वो परम सद्गुरु बनने को तैयार है, वो उसी रूप में इस धरा पर आ गया है। तो उसे अपना परम सद्गुरु के रूप में अपना लेना चाहिए। रही बात निंदा की, निंदा की बात तो ये है कि हम किसी अच्छे व्यक्ति के गुरु के शिष्य हों और हम बुरे काम करते रहें। मान लो कोई अच्छे गुरु का शिष्य है और वो शराब पीता है तो लोग कहेंगे देखा उसके गुरु ने उसे ये भी नहीं सिखाया। तो ये है गुरु की ग्लानि। और परम सद्गुरु की ग्लानि ये है कि उसने पवित्रता का मार्ग दिखाया, उसने प्युरिफिकेशन का मार्ग दिखाया, तो हम उस पर चलते रहें। अगर हम उसको तोड़ते हैं तो ये जैसे सूक्ष्म रूप में सद्गुरु की निंदा हो जाती है। और ऐसे में ठौर न मिलना माना उन आत्माओं की सद्गति नहीं होती।
प्रश्न : परमात्मा सद्गुरु के रूप में हमें सच्चा रास्ता दिखाते हैं तो क्या अब तक हमें जो रास्ते दिखाए गए वो झूठे रास्ते थे?
उत्तर : अगर आजतक दिखाए गए मार्ग अच्छे होते तो हमारे जीवन में गिरावट न होती। कलियुग का अंधकार गहरा ना होता जाता, ये प्रकाश में बदल गया होता। जरूर रास्ता ठीक नहीं दिखाया गया तभी हमें मंजि़ल नहीं मिली। अन्यथा हमें मंजि़ल मिल गई होती। किसी डॉक्टर का इलाज चल रहा है, बीमारी ठीक नहीं हो रही। तो ये मानना पड़ेगा कि कुछ तो गलत है। या तो मेडिसिन ठीक नहीं मिल रही हैं या तो डायग्नोसिस ठीक नहीं हुआ है, या डॉक्टर को समझ में नहीं आया है। हमारी गिरावट होती जा रही है,संसार दिनोंदिन पतन की ओर जा रहा है। मानसिक स्तर लोगों का बिगड़ता जा रहा है। विकार हावी होते जा रहे हैं। दु:ख-अशांति अपना प्रकोप दिखाती जा रही है। तो ज़रूर कहीं न कहीं मार्ग गड़बड़ाया था। इसीलिए परम सद्गुरु ने आकर मार्ग दिखाया और वही मार्ग सत्य है जिसने करोड़ों का जीवन बदल दिया। जिसने करोड़ों के जीवन में उत्थान ला दिया। उनके जीवन को सुख-शांति से भरपूर कर दिया। प्युरिफाय कर दिया। आत्मा को शुद्धिकरण की ओर ले चला। तो इसलिए प्रैक्टिकल अनुभवों से ये जान सकते हैं कि परम सद्गुरु के द्वारा दिखाया गया मार्ग सम्पूर्ण सत्य मार्ग है। ये कहने से तर्कों से समझ नहीं आएगा। जिस मार्ग पर चलकर आप मंजि़ल तक पहुंच गए वही सत्य है ना। ट्रेन आपने पकड़ी थी दिल्ली जाने की तो आप पहुंच गए तो ट्रेन ठीक थी ना। और पहुंच गए हो मुंबई तो कहेंगे ट्रेन ठीक नहीं पकड़ी। तो जिन मार्गों पर हम चलते रहे, चलते-चलते बल्कि राह भटक गए और ईश्वरीय मार्ग पर चलने से हमको मंजि़ल मिलती है। यही उसके सत्य होने का प्रैक्टिकल प्रूफ है। अगर मंजि़ल पर पहुंचना है तो उन रास्तों को त्याग करना ही होगा जिन रास्तों पर चलकर मंजि़ल से दूर हो गए हैं। अब जब भगवान खुद मार्ग दिखा रहा है तो उसी के दिखाए मार्ग पर चलना ही कल्याणकारी है। ये सत्य है कि जो मनुष्य धोखा खा चुका है, जो मंजि़ल से दूर निकल चुका है वो इस रास्ते की परख जरूर करेगा। और परखने के लिए उसे 6-8 मास इस मार्ग पर अवश्य चलना चाहिए। उसके लिए ज्ञान लेना चाहिए और राजयोग का अभ्यास करके देखना चाहिए। यदि उसको आत्म संतुष्टि होने लगे, यदि उसको लगे इस मार्ग पर चलने से हमारा चित्त शांत हो रहा है। हम मनोविकारों से छूटते जा रहे हैं। प्रभु के मिलन के सुन्दर अनुभव प्रारंभ हो गए हैं, तो यही बात उसे कंविंस करेगी, इस मार्ग पर चलने के लिए।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय