राउरकेला,ओडिशा: छोटी दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में मुस्लिम समुदाय के चार उर्दू विद्यालयों के 470 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों (राउरकेला उर्दू प्राइमरी स्कूल – 150, राउरकेला उर्दू अपर प्राइमरी स्कूल – 100, उर्दू हाई स्कूल, राउरकेला – 100 और इराकिया गर्ल्स उर्दू हाई स्कूल – 120) को नशे से दूर रहने, अच्छी आदतें अपनाने तथा अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने के लिए प्रेरित किया गया
https://drive.google.com/drive/folders/1YGZmGORnqyMwtdwVsBnB4BFuPpsgXJSF?usp=sharing
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को उनके जीवन के वास्तविक मूल्य और महत्व का एहसास कराना तथा समाज के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराना था। उन्हें यह समझाया गया कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर असीम संभावनाएं और एक नायक छिपा होता है। आवश्यकता है तो केवल अपनी शक्तियों को पहचानने, आत्मविश्वास जगाने और सही दिशा में आगे बढ़ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत उत्साहपूर्ण म्यूजिकल एक्सरसाइज से हुई, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके पश्चात खेलों के माध्यम से एकाग्रता बढ़ाने की रोचक प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया एवं सभी बच्चों को चॉकलेट देकर मुख मीठा कराया गया। विद्यार्थियों को नशे एवं अन्य बुरी आदतों से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किस प्रकार अच्छी आदतों को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर एक स्वस्थ, सफल और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
विद्यार्थियों को तनावमुक्त, संतुलित एवं खुशहाल जीवन जीने के लिए पांच महत्वपूर्ण सूत्र बताए गए:
1. जो मिला है उसकी कद्र करें: जीवन में जो कुछ हमें प्राप्त हुआ है, उसके प्रति कृतज्ञ रहें। जो अभी नहीं मिला, संभव है उसकी हमें आवश्यकता न हो। यदि आवश्यकता होगी तो उचित समय आने पर ईश्वर अवश्य प्रदान करेंगे। यह भावना हमारे अंदर धैर्य, संतोष और सहनशक्ति विकसित करती है।
2. अपनी विशेषता को पहचानें: प्रत्येक व्यक्ति खुदा की एक अनोखी और अद्वितीय रचना है। इसलिए अपनी तुलना दूसरों से करना समझदारी नहीं है। स्वयं को कमतर समझने के बजाय अपनी विशेषताओं और क्षमताओं को पहचानें।
3. खुद से प्यार करें और सबका सम्मान करें: स्वयं से अटूट प्रेम रखें, अपने आत्मसम्मान को पहचानें और जीवन में हर व्यक्ति के प्रति आदर एवं सम्मान का भाव रखें।
4. आज के कर्म ही कल का भविष्य बनाते हैं: हम आज जो सोचते और करते हैं, उसका परिणाम हमें भविष्य में अवश्य प्राप्त होता है। इसलिए अपने विचारों, व्यवहार और कर्मों को श्रेष्ठ बनाएं।
5. राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास करें: सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सामूहिक रूप से राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया। इसके माध्यम से उन्हें मन को शांत रखने, सकारात्मक सोच विकसित करने और आंतरिक शक्ति का अनुभव करने की प्रेरणा दी गई। ध्यान के अभ्यास से सभी ने सकारात्मक ऊर्जा एवं मानसिक शांति का अनुभव किया तथा सभी ने नशीले पदार्थों को जीवन भर हाथ ना लगाने की शपथ भी ली।
इस महत्वपूर्ण जागरूकता अभियान को सफल बनाने में ब्रह्माकुमारीज राउरकेला (सेंटर सर्टिफिकेट नंबर 1055) के बी.के. राजीव सहित श्री बुलंद अख्तर, प्रिंसिपल, राउरकेला उर्दू प्राइमरी स्कूल का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह प्रेरणादायक संदेश दिया गया कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान समाज के सशक्त निर्माता भी हैं। यदि वे नशे और बुरी आदतों से दूर रहकर आत्म अनुशासन, सकारात्मक चिंतन, श्रेष्ठ संस्कार और आध्यात्मिक शक्ति को अपनाएं, तो वे स्वयं का जीवन संवारने के साथ-साथ एक स्वस्थ, सुखी एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।



