दादी प्रकाशमणि विजडम पार्क में दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित
आबू रोड,राजस्थान। ब्रह्माकुमारी संस्थान के दादी प्रकाशमणि विजडम पार्क में दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें सभी अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में संस्थान के महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति का ऐसा पावन पर्व है, जो हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। आज समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी विश्वास की बहुत आवश्यकता है। ब्रह्माकुमारीज़ संस्था आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सराहनीय कार्य कर रही है।
अतिरिक्त महासचिव राजयोगी डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब हम अपने जीवन में भी खुशियों के दीप जलाएं। दूसरों के जीवन में प्रसन्नता लाना, जरूरतमंदों की सहायता करना और सभी के प्रति शुभभावना रखना ही त्योहार मनाने की सार्थकता है। ऐसे स्नेह मिलन समारोह सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। आज के व्यस्त और तनावपूर्ण जीवन में आध्यात्मिकता की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। मन की शांति और सकारात्मक सोच से ही व्यक्ति अपने परिवार, समाज और कार्यक्षेत्र में बेहतर योगदान दे सकता है। राजयोग मेडिटेशन इस दिशा में उपयोगी माध्यम है।
परमात्मा के दिव्य ज्ञान की याद दिलाती है-
वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका राजयोगिनी बीके ऊषा दीदी ने कहा कि दीपावली हमें आत्मा की ज्योति और परमात्मा के दिव्य ज्ञान की याद दिलाती है। बाहरी दीपक तो कुछ समय के लिए प्रकाश देते हैं, लेकिन आत्मज्ञान का दीप जीवन को सदा के लिए प्रकाशित कर सकता है। हमें अपने अंदर की बुराइयों, अहंकार, क्रोध, ईर्ष्या और नकारात्मकता को समाप्त कर प्रेम, शांति और पवित्रता के गुण अपनाने चाहिए।
संस्कारों को जीवित रखने का माध्यम
वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका डॉ.सविता दीदी ने कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति और संस्कारों को जीवित रखने का माध्यम हैं। इन अवसरों पर परिवार और समाज के सभी वर्गों का एक साथ मिलना हमारी सामाजिक एकता को मजबूत बनाता है। हमें त्योहारों की खुशियां केवल अपने तक सीमित न रखकर सभी के साथ बांटनी चाहिए। शांतिवन के प्रबंधक बीके प्रकाश भाई ने कहा कि दीपावली हमें अपने जीवन में श्रेष्ठ संस्कारों और मधुर संबंधों का प्रकाश फैलाने की प्रेरणा देती है। हमें बाहरी चकाचौंध के बजाय आंतरिक व्यक्तित्व को निखारने पर ध्यान देना चाहिए। आवास निवास के प्रभारी बीके देव भाई ने कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान हमें सही निर्णय लेने और जीवन में श्रेष्ठ लक्ष्य प्राप्त करने की शक्ति देता है।
इस मौके पर सीए बीके ललित भाई, सफाई विभाग के प्रमुख बीके जगदीश भाई, बीके सतेंद्र भाई, सभी अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर और केक काटकर दीपावली मिलन समारोह मनाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



