आध्यात्मिकता सभी धर्मों से ऊपर – जनरल उपेंद्र द्विवेदी
– सीमाओं के प्रहरियों के लिए आध्यात्मिक संबल
भोरा कलां, हरियाणा: ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के भोरा कलां स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर में भारतीय सेना और सुरक्षा बलों के लिए आयोजित तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम का समापन हुआ। इस गरिमामयी आयोजन में देश के रक्षा और सुरक्षा तंत्र से जुड़े कई दिग्गज अधिकारी और गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारतीय सेना के पूर्व थलसेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी का संबोधन रहा। जिन्होंने आध्यात्मिकता को जीवन और कर्तव्य पथ का अनिवार्य हिस्सा बताया। मुख्य अतिथि के रूप में सभा को संबोधित करते हुए पूर्व थलसेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि आध्यात्मिकता किसी एक दायरे में बंधे होने से परे, सभी धर्मों से ऊपर है। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान ‘सर्वधर्म समभाव’ का एक जीवंत और अनूठा उदाहरण है।
अपने सैन्य जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए जनरल द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने यहाँ से प्रेरणा लेकर ही सेना में सभी धर्मों के पूजा स्थलों को एक ही छत के नीचे स्थापित करने का अनूठा कदम उठाया। उन्होंने आज के डिजिटल युग की चुनौतियों पर बात करते हुए कहा कि आज सूचनाओं की भारी बाढ़ आ चुकी है, जहाँ सही और गलत में फर्क करना कठिन हो गया है। केवल आध्यात्मिकता ही हमें इन सबको परखने की शक्ति देती है। साक्षी भाव में रहकर ही हम बाहरी परिस्थितियों के प्रभाव से मुक्त रह सकते हैं।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जीवन में ठहराव, आत्मबोध और जिम्मेदारी अत्यंत आवश्यक है। शांति के बल पर ही हिंसा पर विजय पाई जा सकती है, ठीक वैसे ही जैसे अग्नि को केवल पानी ही शीतल कर सकता है। उन्होंने सलाह दी कि दूसरों को छोटा साबित करने से बेहतर है कि इंसान खुद को बड़ा बनाए। जीवन में स्थिरता, एकांत और चेहरे की एक सच्ची मुस्कान विश्वास की नींव मजबूत करती है। राजयोग की शक्ति को अद्भुत बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके अभ्यास से मन को संतुलित और शक्तिशाली बनाया जा सकता है।

आंतरिक शत्रुओं पर विजय और सकारात्मकता का संदेश: आशा दीदी
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी आशा दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि युद्ध केवल सीमाओं पर बाहर ही नहीं लड़ा जाता, बल्कि मनुष्य के भीतर भी निरंतर चलता रहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आत्मा के असली शत्रु बाहरी नहीं, बल्कि काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार हैं। आध्यात्मिकता सबसे पहले मनुष्य को स्वयं का परिवर्तन सिखाती है। जब इंसान खुद से प्रेम करना सीखता है, तभी वह दूसरों को सच्चा प्यार दे सकता है।

सत्र को आगे बढ़ाते हुए राजयोगिनी शुक्ला दीदी ने कहा कि सभी के विचारों का सम्मान करना ही सच्ची महानता है। उन्होंने कहा कि अटूट संकल्प शक्ति से ही असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं और सकारात्मक विचार जीवन में नया उत्साह भरते हैं।
मन की एक्सरसाइज और प्रतिक्रिया पर नियंत्रण: बीके शिवानी
समापन सत्र से ठीक पहले, सुप्रसिद्ध प्रेरक वक्ता बीके शिवानी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में शरीर की कसरत के साथ-साथ मन की एक्सरसाइज करना भी उतना ही जरूरी है। जीवन में बदलाव के लिए केवल ज्ञान काफी नहीं, बल्कि आंतरिक शक्ति की भी उतनी ही आवश्यकता होती है। मन को शांत और स्थिर रखने के लिए ‘क्षमा भाव’ सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने एक महत्वपूर्ण जीवन-मंत्र देते हुए कहा कि हम चाहकर भी हर परिस्थिति को बदल नहीं सकते, लेकिन उस परिस्थिति के प्रति अपनी प्रतिक्रिया को हमेशा बेहतर और सकारात्मक बना सकते हैं।

कार्यक्रम में भारतीय रक्षा मंत्रालय की पूर्व रक्षा महालेखा नियंत्रक देविका रघुवंशी और भारतीय सेना के पूर्व ब्रिगेडियर हरबीर सिंह ने भी अपने बहुमूल्य विचार रखे।
इस अवसर पर सुरक्षा सेवा प्रभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वायुसेना के पूर्व स्क्वाड्रन लीडर अशोक गाबा, नौसेना के पूर्व वाइस एडमिरल दीपक कपूर सहित सेना और सुरक्षा बलों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सेना एवं सुरक्षा बलों के अधिकारियों और जवानों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।


राजयोग और आध्यात्मिक अनुभवों का साझा सफर –
तीन दिवसीय इस विशेष शिविर में सभी प्रतिभागियों को ज्ञान की बारीकियों और राजयोग का गहरा व्यावहारिक अनुभव कराया गया। समापन के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए सेना के अधिकारियों और जवानों ने एक स्वर में कहा कि मानसिक तनाव और दबाव भरे माहौल से निपटने के लिए इस तरह के आध्यात्मिक सत्र समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत में भारतीय नौसेना के कैप्टन शिव सिंह ने तीन दिनों तक चली विभिन्न गतिविधियों और सत्रों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि पूरे कार्यक्रम का कुशल और प्रभावी संचालन बीके सारिका ने किया।



