समर्पित होने वाली कन्याओं के अभिभावकों का शांति शिखर में हुआ अभिनंदन…
– माता-पिता ने कहा बेटियों का ब्रह्माकुमारी बनने का निर्णय सराहनीय…
– विश्व कल्याण के कार्य में कन्याओं को समर्पित करने वाले माता-पिता भग्यशाली हैं… ब्रह्माकुमारी जयंती दीदी
नवा रायपुर,छत्तीसगढ़। ब्रह्माकुमारीज़ के शांति शिखर परिसर में शनिवार को ब्रह्माकुमारी जीवन अपनाने का निर्णय लेने वाली 45 कन्याओं के अभिभावकों का अभिनंदन किया गया। आध्यात्मिक गरिमा से परिपूर्ण इस आयोजन में माता-पिता के साथ बड़ी संख्या में उनके परिवारजन उपस्थित थे।
समारोह में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी जयन्ती दीदी, क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी, प्रयागराज से पधारी धार्मिक प्रभाग की अध्यक्षा ब्रह्माकुमारी मनोरमा दीदी, माउण्ट आबू से आयी ब्रह्माकुमारी हंसा दीदी, गांधीनगर की वरिष्ठ राजयोगिनी कैलाश दीदी, मेरठ से लक्ष्मी दीदी एवं मूर्ति दीदी, भिलाई की ब्रह्माकुमारी आशा दीदी, उज्जैन की ब्रह्माकुमारी उषा दीदी, इन्दौर की ब्रह्माकुमारी करूणा दीदी, रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी, धमतरी की ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी, जगदलपुर की मंजूषा दीदी, बिलासपुर से मंजू दीदी, दुर्ग से रीता दीदी सहित देश-विदेश एवं मधुबन से आए अनेक वरिष्ठ भाई-बहन तथा समर्पित कन्याओं के परिजन उपस्थित रहे।

संस्था की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी जयंती दीदी ने कहा कि विश्व कल्याण के कार्य में अपनी कन्याओं को समर्पित करने वाले माता-पिता वास्तव में परम भाग्यशाली हैं। इन कन्याओं का जीवन साधारण नहीं है। परमात्मा से अविनाशी संबंध जोड़कर ये स्वयं के जीवन से हजारों-लाखों आत्माओं को सुख-शांति का मार्ग दिखाते हुए विश्व परिवर्तन के कार्य में सहयोगी बनेंगी। इन बहनों का जीवन समस्त समाज और विश्व के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा।
इंदौर जोन की क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी ने कहा कि इन बहनों का दृढ़ संकल्प सराहनीय है। वे पवित्रता और मर्यादाओं का पालन करते हुए संस्था के साथ अपने परिवार का नाम भी रोशन करेंगी।
प्रयागराज से पधारी धार्मिक विंग की अध्यक्ष ब्रह्माकुमारी मनोरमा दीदी ने कहा कि कलियुग में आधुनिक मीरा के रूप में कन्याओं का परमात्मा के प्रति समर्पण साहस, वीरता और दृढ़ निश्चय का प्रतीक है।
नृत्य-नाटिका ने किया भावुक-
कार्यक्रम का शुभारंभ रायपुर के बाल कलाकारों की भावपूर्ण नृत्य-नाटिका ”एक चिट्ठी माता-पिता के नाम” से हुआ। जिसकी प्रेरणादायी प्रस्तुति ने उपस्थित अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान समर्पित हो रही कन्याओं के माता-पिता का संस्था द्वारा विशेष सम्मान व अभिनंदन किया गया। माता-पिता ने संकल्प पत्र का सामूहिक पाठ करते हुए ईश्वर के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की और कहा कि उन्हें गर्व है कि उनकी पुत्रियाँ विश्व परिवर्तन के इस पावन कार्य में सहयोगी बन रही हैं।





