पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास कायम करने छ.ग. पुलिस का नवाचार
– गांवों से हजारों युवक-युवतियों को चुनकर बनाया पुलिस मितान (दोस्त)
– मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पुलिस मितान सम्मेलन में हुए शामिल
– गृह एवं उपमुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
– सडक़ सुरक्षा जागरूकता में पुलिस मितान निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर, छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय बुधवार को राजधानी रायपुर के सड्ढू स्थित ब्रह्माकुमारीज के शांति सरोवर रिट्रीट सेन्टर में आयोजित पुलिस मितान सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सडक़ सुरक्षा जागरूकता अभियान में पुलिस मितान अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पुलिस मितान नागरिकों को सडक़ सुरक्षा के लिए जागरूक करने के साथ-साथ गांवों एवं मोहल्लों में पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम को भी बेहतर बनाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस मितान एप की लॉन्चिंग भी की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में मितान बनाने की एक सुंदर और मानवीय परम्परा रही है। आप सभी ने पुलिस को अपना मितान बनाकर सडक़ सुरक्षा के लिए नागरिकों को जागरूक करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि रोड सेफ्टी के लिए किया गया कार्य अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस मितान साथियों के निरंतर प्रयासों से इन सडक़ दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी और आम नागरिकों का जीवन अधिक सुरक्षित बनेगा।
सम्मेलन में उपस्थित गृह एवं उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस से अच्छा कोई मितान नहीं हो सकता। पुलिस जवान अत्यंत अनुशासन में रहकर कठिन परिस्थितियों में भी अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा से निभाते हैं। अब पुलिस मितान पुलिस के साथ समाज की सुरक्षा में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अमित कुमार, आईजी रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह, श्री राम गर्ग सहित बड़ी संख्या में पुलिस मितान एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।








