रीवा,मध्य प्रदेश। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के शिलान्यास समारोह हेतु पधारे माननीय डॉ. मोहन यादव जी, मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश का स्वागत इस बार एक अद्वितीय, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक स्वरूप में हुआ।
ब्रह्मा कुमारीज़ रीवा द्वारा माननीय मुख्यमंत्री जी एवं माननीय उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला जी को “दिव्य गुणों की विशेष फुलवारी (माला)” पहनाकर रीवा सेवा केंद्र की संचालिका आदरणीय राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी लता दीदी जी ने सम्मानित किया गया, जो अब तक के इतिहास में पहली बार देखने को मिला।
यह माला केवल पुष्पों की नहीं, बल्कि मानवीय जीवन के 17 दिव्य गुणों का जीवंत प्रतीक थी।
इन दिव्य गुणों में पवित्रता, सुख, शांति, प्रेम, आनंद, ज्ञान, शक्तियाँ, सादगी, सत्यता, निर्भयता, श्रेष्ठता, समर्पण, संगठन की शक्ति, सौम्यता, सहनशीलता, दिव्यता, एकाग्रता एवं धैर्यता सम्मिलित थीं।
इस अभिनव सम्मान ने यह संदेश दिया कि सच्चा नेतृत्व पद से नहीं, बल्कि दिव्य गुणों से महान बनता है।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने उपस्थित जनसमूह का ध्यान इस तथ्य की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि
“जिसका नेतृत्व स्वयं शक्तिशाली, संयमी और गुणवान होता है, वही समाज को सही दिशा दे सकता है।”
उन्होंने दिव्य गुणों की माला की सराहना करते हुए कहा कि गुणयुक्त नेतृत्व ही सशक्त शासन की आधारशिला है।
वहीं माननीय उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ला जी ने भी अपने उद्बोधन में स्पष्ट रूप से कहा कि
“यदि नेतृत्व करने वाला व्यक्ति शक्तिशाली, सक्षम और मूल्यनिष्ठ हो, तो उस क्षेत्र का विकास निश्चित, सुनिश्चित और निरंतर होता है।”
उनके इस कथन ने कार्यक्रम के आध्यात्मिक संदेश को सामाजिक और प्रशासनिक दृष्टि से और अधिक सुदृढ़ किया।
इस गरिमामयी अवसर पर मंच पर अनेक विशिष्ट जनप्रतिनिधि एवं महान विभूतियाँ उपस्थित रहीं, जिनमें रीवा सांसद श्री जनार्दन मिश्रा जी, श्री व्यंकटेश जी नगर निगम अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल जी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता जी, श्री प्रबोध व्यास जी, पार्षद पूजा सिंह, पार्षद दीनानाथ वर्मा जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि सम्मिलित रहे।
दिव्य गुणों की इस ऐतिहासिक माला को पहनाने संचालिका राजयोगिनी बी.के. लता दीदी जी, बी.के. प्रकाश भाई जी (संयोजक, ब्रह्मा कुमारीज़ रीवा),
उप मुख्यमंत्री प्रतिनिधि श्री प्रकाश सोनी ‘चिंटू’ जी, उप मुख्यमंत्री प्रतिनिधि श्री सतीश सिंह जी, बी.के. अर्चना,सुभाष भाई, बी.के. विजय देव, तथा समाजसेवी अंकू जी का विशेष सहयोग रहा।
इस आध्यात्मिक सम्मान से माननीय मुख्यमंत्री जी एवं उप मुख्यमंत्री जी अत्यंत प्रसन्न एवं भावविभोर दिखाई दिए।
मुख्यमंत्री जी ने इस दिव्य गुणों की माला को अपने साथ भोपाल ले जाने का निर्णय स्वयं लिया, जो इसके गहरे प्रभाव और आध्यात्मिक महत्व को दर्शाता है।
इसके साथ ही “शिव परमात्मा द्वारा ज्ञान — श्रीकृष्ण के माध्यम से गीता” विषय पर आधारित एक विशेष आध्यात्मिक फोटो फ्रेम माननीय मुख्यमंत्री जी एवं माननीय उप मुख्यमंत्री जी को समर्पण भाव से भेंट किया गया।
उल्लेखनीय है कि यद्यपि माननीय मुख्यमंत्री जी का आगमन रीवा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के शिलान्यास समारोह कार्यक्रम हेतु था, किंतु उन्होंने ब्रह्मा कुमारीज़ को विशेष समय देकर इस आध्यात्मिक सम्मान को स्वीकार किया और अपने आचरण से सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों एवं भारतीय परंपरा के प्रति गहरी आस्था प्रकट की। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में
ब्रह्मा कुमारीज़ रीवा की समस्त दिव्य बहनें, संपूर्ण मेडिकल कॉलेज, रीवा के चिकित्सक, प्राध्यापक, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारीगण, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, तथा समाज के हर वर्ग से आए अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी के विशेष सलाहकार श्रीराम तिवारी जी की भी विशेष उपस्थिति रही। समग्र रूप से यह आयोजन सेवा, सुशासन, सनातन चेतना, सशक्त नेतृत्व और आध्यात्मिक मूल्यों का संगम बनकर रीवा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ।








