हरिद्वार,उत्तराखंड: ब्रह्माकुमारीज हरिद्वार में शिवरात्रि के उपलक्ष्य व सन 2027 के कुंभ की सफलता के लिए आयोजित विचार सम्मेलन में हरिद्वार मेयर बहन किरण जैसल ने कहा कि उन्हें ब्रह्माकुमारीज आकर सुखद अनुभूति हुई है।उन्होंने कहा कि कुंभ की सफलता के लिए ब्रह्माकुमारीज के योगदान की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि वे सदैव ब्रह्माकुमारीज के साथ है और जो भी कार्य उनके लिए होगा,उसे पूरा किया जाएगा।
स्वतंत्रता सेनानी कांग्रेस प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर ने हरिद्वार में बढ़ते नशे के चलन व युवाओं के राह भटकने पर चिंता जताई।उन्होंने हरिद्वार की पवित्रता के लिए नशामुक्त हरिद्वार बनाने में ब्रह्माकुमारीज के सहयोग को अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया में ब्रह्माकुमारीज एक मात्र ऐसी संस्था है जो शांति व सद्भाव की संवाहक है।
बी के मंजू दीदी ने अपने आशीर्वचन में शिवरात्रि को नए सद संकल्पों का अवसर बताया और कहा कि आने वाले कुंभ व ब्रह्माकुमारीज संस्था की स्थापना के 90 वर्ष होने के उपलक्ष्य में वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों में सभी भाई बहनों की सक्रिय भूमिका रहेगी।राजयोगिनी बीके मीना दीदी ने शिवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला ।उन्होंने कुंभ के आयोजन की तैयारी में सार्थक योगदान की भी बात कही।
विक्रमशिला हिंदी विद्यापीठ के उपकुलपति डॉ श्रीगोपाल नारसन ने ब्रह्माकुमारीज से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और कहा कि जब हम स्वयं में कुछ छिपाते है,तो माया का प्रभाव हो जाता है,जिससे बचने के लिए पारदर्शी होना आवश्यक है।उन्होंने ब्रह्माकुमारीज द्वारा नियमित कराये जा रहे राजयोग अभ्यास को ही वास्तविक कुंभ की संज्ञा दी,क्योंकि मां गंगा में स्नान करके हमारा तन शुद्ध हो सकता है लेकिन मन राजयोग के माध्यम से परमात्म मिलन द्वारा ही शुद्ध हो सकता है।
राजयोगी ब्रह्माकुमार सुशील भाई के संचालन में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन व शिव ध्वजारोहण द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया,साथ ही अतिथियों को शाल ओढ़ाकर व ईश्वरीय सौगात देकर सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम में एक नन्ही बच्ची ने स्वागत नृत्य व एक ने गीत प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।





