पुणे -पिंपरी, : ब्रह्माकुमारीज राजयोग मेडिटेशन सेंटर, वैभव नगर, पिंपरी द्वारा महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित ‘शिव दर्शन ज्ञान मेला महोत्सव 2026’ अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। 13 से 16 फरवरी तक आयोजित इस महोत्सव में नागरिकों की उत्स्फूर्त भागीदारी देखने को मिली।

इस कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष मा. अण्णा बनसोडे एवं उनकी धर्मपत्नी प्रियाताई बनसोडे उपस्थित रहे। साथ ही नगरसेवक संदीप वाघेरे, प्रियांका कुदळे, निकिता कदम तथा सामाजिक कार्यकर्ता बाळासाहेब वाघेरे की विशेष उपस्थिति रही।
मान्यवर अतिथियों के रूप में स्मिता माने, किरण रामनानी, प्रीतम शिंदे, जवाहर कोटवानी, राघवेंद्र रोडे, अमोल शिंदे एवं सुंदर चासकर ने महोत्सव का अवलोकन कर आयोजन की सराहना की।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण गुफा में स्थापित 12 ज्योतिर्लिंगों का दिव्य दर्शन रहा। एक ही स्थान पर 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और अनेक भक्तों ने अपने जीवन को धन्य अनुभव किया। विशेष रूप से 12 फुट ऊँचाई का बेलपत्रों से निर्मित भव्य शिवलिंग श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। साथ ही सजीव झांकी के रूप में शिव-पार्वती के दर्शन तीनों दिन निरंतर उपलब्ध रहे, जिससे भक्तों को आध्यात्मिक शांति एवं दिव्य अनुभूति प्राप्त हुई।
बालकों ने मूल्य आधारित खेलों का आनंद लिया, जिससे उनमें संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं सकारात्मक सोच का विकास हुआ। सभी श्रद्धालुओं ने 12 फुट ऊँचे बेलपत्र शिवलिंग एवं सजीव शिव-पार्वती की आरती कर अपनी श्रद्धा अर्पित की।
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजित रक्तदान शिविर में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता रही। इस शिविर में 50 से अधिक नागरिकों ने रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया।
महोत्सव के दौरान वनिता खैरे ने ‘हस्तमुद्रा द्वारा शारीरिक स्वास्थ्य’ विषय पर तीन दिवसीय मार्गदर्शन कार्यक्रम प्रस्तुत किया। उनके प्रायोगिक सत्रों से उपस्थितजनों को प्राकृतिक तरीके से स्वास्थ्य संरक्षण संबंधी उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।
अपने संदेश में मा. अण्णा बनसोडे ने कहा कि, “ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा संचालित आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियाँ समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक हैं। ऐसे आयोजनों से नागरिकों में नैतिक मूल्य, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं सामाजिक चेतना का विकास होता है। समाज की समग्र उन्नति हेतु यह कार्य अत्यंत सराहनीय है।






