नवसारी गुजरात : ब्रह्माकुमारीज़ के नवसारी सेवाकेंद्र पर 90वीं त्रिमूर्ति शिवजयंती के पावन अवसर पर भव्य एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य अतिथियों एवं बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री देवभाई चौधरी (म्युनिसिपल कमिश्नर, नवसारी) रहे। कार्यक्रम की शुरुआत आमंत्रित अतिथियों के पुष्पगुच्छ द्वारा स्वागत, ईश्वरीय सौगात एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान से की गई। छोटी कुमारियों ने मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का भावपूर्ण अभिनंदन किया।
इसके पश्चात मुख्य अतिथियों एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। आदरणीय राजयोगिनी गीतादीदीजी ने अपने आध्यात्मिक उद्बोधन में त्रिमूर्ति शिवजयंती का गूढ़ आध्यात्मिक रहस्य स्पष्ट करते हुए बताया कि यह पर्व आत्मिक जागृति और नैतिक मूल्यों के पुनर्जागरण का संदेश देता है।
मुख्य अतिथि श्री देवभाई चौधरी जी ने अपने संबोधन में संस्था द्वारा किए जा रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएँ दीं। अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त कर संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंतर्गत शिवजयंती के उपलक्ष्य में केक कटिंग का आयोजन किया गया। तत्पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से शिवध्वजारोहण किया तथा शिवध्वज के नीचे श्रेष्ठ संकल्प लेकर जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने की प्रतिज्ञा की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी बी.के. भाई-बहनों द्वारा नवसारी शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में माताओं द्वारा 90 कलश एवं भाइयों द्वारा 90 शिवध्वज धारण किए गए, जो शिवजयंती के 90वें वर्ष का प्रतीक थे। संपूर्ण शहर में आध्यात्मिक वातावरण का संचार हुआ और नागरिकों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया।






