मुख पृष्ठओम शांति मीडियावसंत पंचमी: प्रकृति की नवसृष्टि और आत्मा के नवजीवन का संगम

वसंत पंचमी: प्रकृति की नवसृष्टि और आत्मा के नवजीवन का संगम

वसंत पंचमी केवल ऋतु परिवर्तन का पर्व नहीं है, बल्कि यह आत्मा के जागरण, नवीनीकरण और उन्नति का पावन संदेश लेकर आती है। बाबा की शिक्षाओं के अनुसार, जैसे वसंत में प्रकृति पुराने, सूखे पत्तों को छोड़कर नई कोमल हरियाली, पुष्पों और सुगंध से स्वयं को सजा लेती है, वैसे ही आत्मा को भी अपने जीवन से पुराने संस्कारों, कमज़ोरियों और नकारात्मकताओं को त्यागकर ज्ञान, योग और पवित्रता से स्वयं को नवीन बनाना चाहिए। वसंत पंचमी फिज़ा में उमंग भरने के साथ-साथ आत्मिक जीवन में भी नई रोशनी और नई दिशा देने वाला आध्यात्मिक पर्व है।

वसंत पंचमी केवल ऋतु परिवर्तन का पर्व नहीं है, बल्कि बाबा की शिक्षाओं के अनुसार यह आत्मा के नवजागरण और उन्नति का विशेष संकेत है। बाबा हमें सदा समझाते हैं कि जैसे प्रकृति अपने पुराने पत्तों को छोड़कर नई कोमल पत्तियों से स्वयं को सजाती है, वैसे ही आत्मा को भी पुराने संस्कारों, कमज़ोरियों और विकारों को छोड़कर श्रेष्ठ और पवित्र संस्कार धारण करने चाहिए। वसंत पंचमी आत्मिक जीवन में ”नई शुरुआत” का प्रतीक है।

बाबा कहते हैं कि आत्मा मूल रूप से सत् चित्-आनंद स्वरुप है, लेकिन कलियुग में आते आते आत्मा पर जंग लग जाती है- काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार की। वसंत का संदेश यही है कि अब यह जंग उतारो। जैसे बसंत में जड़ता समाप्त होती है और सृष्टि में हलचल, सुगंध और जीवन का संचार होता है, वैसे ही आत्मा में भी योग, ज्ञान और पवित्रता से नई चेतना का संचार होना चाहिए।

बाबा वसंत पंचमी को ज्ञान-वसंत कहते हैं। इस दिन ज्ञान की देवी सरस्वती को याद किया जाता है, और सरस्वती अर्थात् सद्गुणों से भरपूर बुद्धि। जब आत्मा परमात्मा से ज्ञान लेती है, तो उसकी बुद्धि सात्विक बनती है, विचार शुद्ध होते हैं और जीवन में स्पष्टता आती है। यही आत्मा की वास्तविक उन्नति है। बाबा कहते हैं-”बच्चे ज्ञान को जीवन में धारण करो, तभी परिवर्तन दिखाई देगा।” प्रकृति के साथ सामंजस्य की बात करते हुए बाबा बताते हैं कि प्रकृति आत्माओं की अवस्था का प्रतिबिंब है। जब आत्माएँ पवित्र और शांत होती हैं, तब प्रकृति भी सहयोगी और सुंदर बनती है। वसंत में धरती का श्रृंगार, फूलों की बहार और मधुर वातावरण इस बात का संकेत है कि अब समय है सतयुगी संस्कारों को अपनाने का। बाबा कहते हैं कि जो आत्मा अपने अंदर वसंत लाती है-अर्थात् उत्साह, उमंग और पवित्रता-वही विश्व में भी वसंत लाने वाली बनती है।

बाबा हमें यह भी सिखाते हैं कि वसंत पंचमी पर केवल बाहरी उत्सव न मनाएँ, बल्कि आंतरिक वसंत लाएँ। इसका अर्थ है- मन से निराशा, आलस्य और नकारात्मकता को हटाकर आशा, उमंग और श्रेष्ठ संकल्पों को धारण करना। जैसे पीला रंग आनंद और प्रकाश का प्रतीक है, वैसे ही आत्मा को भी ज्ञान के प्रकाश से चमकना चाहिए।

बाबा के अनुसार आत्मा की उन्नति के तीन मु य आधार हैं- पवित्रता, योग और ज्ञान। वसंत पंचमी इन तीनों की याद दिलाती है। पवित्रता से आत्मा हल्की बनती है, योग से शक्ति मिलती है और ज्ञान से दिशा। जब ये तीनों जीवन में आ जाते हैं, तब आत्मा फूल की तरह खिल उठती है और उसकी सुगंध चारों ओर फैलती है। अंतत:, बाबा की दृष्टि में वसंत पंचमी हमें यह संदेश देती है कि अब पुराना छोड़कर नया अपनाने का समय है। आत्मा अपनी वास्तविक पहचान को पहचाने, परमात्मा से जुड़कर स्वयं को नवीनीकृत करे और प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर विश्व-कल्याण का माध्यम बने। यही वसंत पंचमी का सच्चा, आध्यात्मिक और समन्वित स्वरुप है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments