रायपुर: ब्रह्माकुमारी कमला दीदी का अन्तिम संस्कार सम्पन्न

0
179

 ओम शान्ति के महामंत्र के साथ ब्रह्माकुमारी कमला दीदी का अन्तिम संस्कार सम्पन्न…
– माउण्ट आबू के अलावा अहमदाबाद, पानीपत, इन्दौर, उड़ीसा से पधारे थे संस्थान के पदाधिकारी…
– अंत्येष्टि से पहले पूरे शहर में शोभा यात्रा निकाली गई…
अंत्येष्टि स्थल पर कमला दीदी की सेवाओं की प्रदर्शनी लगाई गई थी…

रायपुर,छत्तीसगढ़ : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की इन्दौर जोन की क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी का अन्तिम संस्कार ओम शान्ति के महामंत्र के साथ विधानसभा रोड स्थित शान्ति सरोवर परिसर में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती किरणमयी नायक, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष संजय अग्रवाल, एडीशनल कलेक्टर उज्जवल पोरवाल, ब्यूटिशियन मिनाक्षी टूटेजा, पत्रकार प्रियंका कौशल सहित बड़ी संख्या मे श्रद्धालु गण उपस्थित थे।

ब्रह्माकुमारी कमला दीदी का पार्थिव शरीर अन्तिम दर्शन हेतु विधानसभा मार्ग स्थित शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर में शनिवार को दोपहर 12 बजे से रखा गया था। जहाँ पर सांसद सुनील सोनी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष  धरम लाल कौशिक, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, पूर्व मंत्री चन्द्रशेखर साहू आदि ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके अपना शोक जताया।

ब्रह्माकुमारीज की वरिष्ठ पदाधिकारी होने के कारण ब्रह्माकुमारी कमला दीदी को श्रद्धांजलि देने के लिए छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, गुजरात, उड़ीसा, राजस्थान आदि राज्यों से भी बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी संस्थान के पदाधिकारी आए थे।

अंत्येष्टि से पहले कमला दीदी के पार्थिव शरीर को रथ में सजाकर शान्ति सरोवर से स्टेशन रोड होकर चौबे कालोनी स्थित सेवाकेन्द्र ले जाया गया। जहाँ पर संसदीय सचिव विकास उपाध्याय सहित चौबे कालोनी के लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। पश्चात स्वर्ग रथ को नवा रायपुर के सेक्टर-20 स्थित शान्ति शिखर सेवाकेन्द्र भी लेकर जाया गया। वहाँ के लोगों के द्वारा श्रद्धांजलि देने के बाद रथ को वापिस शान्ति सरोवर लाया गया। अंत्येष्टि स्थल को शिवबाबा की तोरण पताकाओं से सुन्दर तरीके से सजाया गया था। साथ ही स्थल पर कमला दीदी की सेवाओं को प्रदर्शित करते हुए बड़े-बड़े प्रभावशाली कटआउट भी लगाए गए थे। बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने कमला दीदी के प्रति उद्गार व्यक्त कर अपनी श्रद्घाजंलि दी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें