जमशेदपुर,झारखण्ड। ब्रह्माकुमारीज़ के सामाजिक सेवा प्रभाग के तत्वावधान में ब्रह्मा कुमारीज जमशेदपुर, यूनिवर्सल पीस पैलेस रिट्रीट सेंटर, में ‘संगम — गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जमशेदपुर की विभिन्न संस्थाओं से जुड़े सैकड़ों वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया और आध्यात्मिक ज्ञान एवं राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से शांति, प्रसन्नता और आत्मिक शक्ति की अनुभूति की।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैंडल लाइट सेरेमनी से हुआ। दोस्त संघ जमशेदपुर, छत्तीसगढ़ संस्कृति समिति, नागरिक संघ सहित विभिन्न संस्थाओं के वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कोलकाता से पधारे महेश भाई ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में समय, कर्म और स्वास्थ्य के महत्व को समझाते हुए कहा कि हम सभी शक्तिस्वरूप आत्माएँ हैं और आत्मा की यात्रा कभी समाप्त नहीं होती। वृद्धावस्था जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रत्येक व्यक्ति को अतीत की स्मृतियों में उलझने के बजाय वर्तमान में प्रसन्न रहकर जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन का प्रत्येक क्षण अनमोल है, इसलिए अपने समय का उपयोग खुशी बाँटने, दूसरों को सहयोग देने और आध्यात्मिक उन्नति करने में करना चाहिए।

ब्रह्माकुमारीज़ की कोल्हान प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी अंजू दीदी ने वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों और आशीर्वाद की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बुजुर्ग परिवार एवं समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव अनमोल खजाने हैं, जिन्हें नई पीढ़ी तक पहुँचाना आवश्यक है। बड़ों का आशीर्वाद जीवन में सफलता और आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अपने अनुभवों के माध्यम से समाज को लाभान्वित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संस्कारोदया एकेडमी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण नाटक विशेष आकर्षण रहा। नाटक में दर्शाया गया कि व्यस्त जीवनशैली के कारण कई बार बुजुर्गों को परिवार के सदस्यों का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। ऐसे में प्रेम, संवेदनशीलता और आध्यात्मिक चिंतन उनके जीवन को खुशहाल बना सकते हैं। प्रस्तुति ने आत्मचिंतन एवं आध्यात्मिक उन्नति के महत्व को भी उजागर किया।
अंत में सभी वरिष्ठ नागरिकों ने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कर शांति एवं सकारात्मकता की अनुभूति की। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन ब्रह्माभोजन प्रसाद के साथ हुआ।
‘संगम’ कार्यक्रम ने संदेश दिया कि वृद्धावस्था जीवन का अवसान नहीं, बल्कि अनुभव, आत्मसम्मान, आध्यात्मिक उन्नति और खुशियाँ बाँटने का स्वर्णिम अवसर है। वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, स्नेह और आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करने की यह पहल परिवार एवं समाज में संस्कारों और पीढ़ियों के बीच प्रेमपूर्ण संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।






