Homeलेखआत्मा के सात मूल संस्कार दाग नहीं, दिव्यता पहचानें

आत्मा के सात मूल संस्कार दाग नहीं, दिव्यता पहचानें

हर आत्मा मूलत: दिव्य है
हम अक्सर लोगों के व्यवहार को देखकर उनके बारे में स्थायी धारणा बना लेते हैं। कोई क्रोध करता है तो हम कहते हैं- ”इसका स्वभाव ही गुस्सैल है।” कोई ईर्ष्या करता है तो उसे ईर्ष्यालु मान लेते हैं। लेकिन आध्यात्मिक ज्ञान हमें एक बिल्कुल नई दृष्टि देता है। वह कहता है- नकारात्मक संस्कार आत्मा का वास्तविक स्वभाव नहीं है, बल्कि केवल समय के साथ लगे हुए दाग हैं।
जैसे एक सफेद वस्त्र पर धूल या दाग लग जाए तो वस्त्र का मूल रंग नहीं बदलता, वैसे ही आत्मा का मूल स्वरूप सदैव पवित्र रहता है। हमें दाग को पहचानना है, आत्मा को नहीं।

आत्मा के सात मूल संस्कार
राजयोग के अनुसार प्रत्येक आत्मा अपने मूल स्वरूप में सात दिव्य संस्कारों से सम्पन्न है। ये संस्कार किसी धर्म, जाति या देश विशेष के नहीं, बल्कि प्रत्येक आत्मा की मूल संपत्ति हैं — पवित्रता, शांति, शक्ति, सुख, प्रेम, ज्ञान, आनंद यही आत्मा का वास्तविक परिचय है। जब ये गुण प्रकट होते हैं, तब जीवन सहज, मधुर और संतुलित बन जाता है।

दागों को पहचानना भी साधना है
क्रोध, चिंता, भय, ईर्ष्या, निंदा, तनाव, तुलना, प्रतियोगिता, मोह और घृणा — ये सभी आत्मा के मूल गुण नहीं हैं। ये केवल ऐसे संस्कार हैं, जो अनेक जन्मों की देह अभिमान की यात्रा में आत्मा पर जमा हो गए हैं।
सबसे बड़ी भूल तब होती है, जब हम इन्हीं दागों को अपना स्वभाव मान लेते हैं। फिर हम कहते हैं — ”मेरा स्वभाव ही ऐसा है।”
लेकिन आध्यात्मिकता कहती है — नहीं, यह आपका स्वभाव नहीं केवल एक संस्कार है और संस्कार बदला जा सकता है।
हर नकारात्मक संस्कार का एक दिव्य विकल्प है
प्रकृति का नियम है कि अंधकार को हटाने के लिए प्रकाश लाना पड़ता है। उसी प्रकार नकारात्मक संस्कारों को दबाने से नहीं, बल्कि उनके विपरित दिव्य गुणों को जागृत करने से परिवर्तन आता है।
चिंता का स्थान ले निश्चिंतता।
क्रोध का स्थान ले शांति।
ईर्ष्या का स्थान ले शुभकामना।
तुलना का स्थान ले स्वमान।
प्रतियोगिता का स्थान ले सहयोग।
मोह का स्थान ले निष्काम प्रेम।
जब हम बार-बार इन श्रेष्ठ गुणों का अभ्यास करते हैं, तब धीरे-धीरे पुराने संस्कार कमज़ोर होने लगते हैं और आत्मा का मूल तेज प्रकट होने लगता है।
दूसरों को नहीं, उनके गुणों को देखना सीखें
हमारा मन दूसरों की कमियों पर बहुत जल्दी जाता है। लेकिन यदि हम हर आत्मा को उसके मूल स्वरूप से देखने का अभ्यास करें, तो हमारा दृष्टिकोण बदलने लगता है। यदि कोई व्यक्ति क्रोध में है, तो उसके लिए मन ही मन संकल्प करें — ”आप शांत स्वरूप आत्मा हैं।”
यदि कोई निराश है, तो उसके लिए शुभभावना रखें।
”आप शक्तिशाली आत्मा हैं, आप सदा प्रसन्न रहें।”
ऐसे संकल्प केवल शब्द नहीं होते; वे सूक्ष्म ऊर्जा बनकर वातावरण को भी प्रभावित करते हैं, शुभ भावना देना स्वयं को भी ऊँचा उठाता है।

दैनिक आत्म परीक्षण
दिन समाप्त होने से पहले कुछ क्षण अपने भीतर झांकें और स्वयं से पूछें —
आज मेरे भीतर कौन-सा दिव्य गुण सबसे अधिक प्रकट हुआ?
किस नकारात्मक संस्कार ने मुझे चुनौति दी?
क्या मैंने किसी के लिए शुभभावना रखी?
क्या मैंने किसी आत्मा को उसके दाग से नहीं, बल्कि उसके दिव्य स्वरूप से देखने का प्रयास किया?
यही आत्म परीक्षण धीरे-धीरे आत्म परिवर्तन का आधार बनता है।

आइए प्रतिदिन यह संकल्प करें —
”मैं पवित्र, शांत, शक्तिशाली, सुख स्वरूप, प्रेम स्वरूप, ज्ञान स्वरूप और आनंद स्वरूप आत्मा हूँ। मेरे मूल संस्कार ही मेरी वास्तविक पहचान है। मैं अपने और प्रत्येक आत्मा के भीतर छिपी इसी दिव्यता को देखूंगा, जगाऊंगा और जीवन में प्रकट करुंगा।”
यही आत्म दृष्टि आध्यात्मिक जीवन का सार है और यही स्वर्णिम भविष्य की पहली सीढ़ी भी।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय