ब्रह्माकुमारी शैलजा बहन ने दिया दीपावली का आध्यात्मिक संदेश, लक्ष्मी-गणेश-सरस्वती की मनमोहक झांकी एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं विशेष आकर्षण
छतरपुर,मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय छतरपुर सेवाकेंद्र द्वारा दीपावली के पावन पर्व पर विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं विशिष्ट अतिथियों ने उपस्थित होकर आध्यात्मिक संदेश एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का लाभ लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही कार्यक्रम का आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी शैलजा बहन जी ने दीपावली के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीपावली केवल बाहरी दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि अपने अंतर्मन में ज्ञान, शांति, प्रेम, पवित्रता एवं सद्भावना का दीप प्रज्वलित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम दीपावली पर अपने घरों की सफाई करते हैं, उसी प्रकार हमें अपने मन से नकारात्मक विचारों, ईर्ष्या, द्वेष, क्रोध एवं अहंकार जैसी बुराइयों को दूर कर आत्मा को श्रेष्ठ गुणों से प्रकाशित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सच्ची दीपावली तब है, जब प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मकता, प्रेम, सहयोग एवं मानवता के प्रकाश को फैलाए। हमें स्वयं प्रकाशित होकर दूसरों के जीवन में भी खुशियों और आशा का प्रकाश फैलाना चाहिए।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण माता लक्ष्मी जी, भगवान गणेश जी एवं माता सरस्वती जी की आकर्षक एवं मनमोहक झांकी रही। सुंदर सजावट, पारंपरिक वेशभूषा एवं दिव्य स्वरूप में सुसज्जित इस झांकी ने भारतीय संस्कृति और दीपावली के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। झांकी के माध्यम से धन-समृद्धि की प्रतीक माता लक्ष्मी, बुद्धि एवं विवेक के प्रतीक भगवान गणेश तथा ज्ञान एवं विद्या की अधिष्ठात्री माता सरस्वती का संदेश दिया गया। इस सुंदर प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का विशेष आकर्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया, जिनमें दीपावली के आध्यात्मिक महत्व, भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। इनमें वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र अग्रवाल, वरिष्ठ समाजसेवी एवं संभागीय अध्यक्ष, मानवाधिकार प्रशासनिक संस्थान प्रकाश चंद जैन, डॉ. के.के. चतुर्वेदी, सेवानिवृत्त प्राचार्य एस.के. उपाध्याय, चौरसिया समाज के अध्यक्ष बृजेश चौरसिया तथा दर्शन महिला कल्याण समिति से राजेश गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी अतिथियों ने सेवाकेंद्र द्वारा आयोजित इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की सराहना की तथा दीपावली के वास्तविक आध्यात्मिक संदेश को जीवन में अपनाने की प्रेरणा प्राप्त की।
प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों को दिया दीपावली का आध्यात्मिक संदेश
दीपावली के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारी सेवाकेंद्र की बहनों द्वारा नगर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से सौहार्दपूर्ण मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं तथा पर्व का आध्यात्मिक संदेश साझा किया गया।
इस क्रम में अपर कलेक्टर नमः शिवाय अरजरिया, डीआईजी विजय कुमार खत्री, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया एवं वरिष्ठ पत्रकार अजय दोसज, जानराय टोरिया के महंत भगवान दास जी महाराज, पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी, भाजपा जिला महामंत्री विवेक उप्पल, खजुराहो मिनरल्स के डायरेक्टर अजय पाल सिंह परमार से ब्रह्माकुमारी रमा बहन, ब्रह्माकुमारी रीना बहन, ब्रह्माकुमारी कमला बहन, ब्रह्माकुमारी रेखा बहन, ब्रह्माकुमारी रजनी बहन ब्रह्माकुमारी सुमन बहन ने मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। बहनों ने सभी को आंतरिक स्वच्छता, सकारात्मक चिंतन, आत्मिक शांति एवं श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का वातावरण उमंग, उत्साह, प्रेम एवं आध्यात्मिक आनंद से परिपूर्ण रहा। इस अवसर पर सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति, समृद्धि एवं सद्भावना से परिपूर्ण जीवन की मंगलकामना की गई।
Photos & Videos link:- https://drive.google.com/drive/folders/1s3LZ_DC6LrZ0idyITXpvUQttxUzfJnNM?usp=drive_link

