भैया दूज का पर्व मनाया गया, दिया गया आत्मस्मृति का तिलक
पवित्र ब्रह्मचारी जीवन और बुराइयों से बचने से मिलेगी यम के पाशों से मुक्ति — बी.के. शान्ता
हाथरस, उत्तर प्रदेश। “ब्रह्मचर्येण तपसा देवाः मृत्युमपाघ्नत” यानी पवित्रता अर्थात् ब्रह्मचर्य की पालना करने से देवताओं ने मृत्यु पर विजय प्राप्त की अर्थात् अमर हो गये। विजय प्राप्त करने से तात्पर्य मृत्यु भय से मुक्ति और समय प्रमाण स्वेच्छा से शरीर का अन्त। जो आत्मज्ञान को जीवन में अच्छी रीति धारण कर लेते हैं वे मृत्यु के भय से मुक्त हो जाते हैं।
यम के पाशों के भय से मुक्ति पवित्र ब्रह्मचारी जीवन के अलावा शराब आदि व्यसनों का त्याग करके आत्मज्ञान को जीवन का अंग बनाने से मिलेगी। केवल यमुना के निर्मल जल में स्नान करने से नहीं लेकिन कालों के काल महाकालेश्वर अमरनाथ परमपिता परमात्मा शिव द्वारा प्रदान किये गये सत्य गीता ज्ञान और योगी जीवन से होगी।
यह सद् विचार भैयादूज यमद्वितीया के अवसर पर ब्रह्मावत्सों के मध्य प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के अलीगढ़ रोड स्थित शान्ति भवन, आनन्दपुरी कालोनी के सहज राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पर राजयोग शिक्षिका बी.के. शान्ता बहिन ने व्यक्त किये।
बहिन का भाई के प्रति स्नेह और लगाव, भाई की मंगल कामना और दीर्घायु के लिए यमुना में स्नान, आपसी पवित्र प्रेम का परिचायक होने के साथ भाई बहिनों की श्रद्धा और आस्था से जुड़ा है। यमुना नदी रूपी बहिन और यमराज रूपी भाई की बात नहीं लेकिन यहाँ आत्मा रूपी यमुना और आत्माओं का पिता परमात्मा जो माता, पिता, बन्धु, बान्धव, सखा सब हैं उन परमपिता परमात्मा शिव रूपी कालों के काल महाकाल यमराज रूपी भाई से मिलन की बात है। यह आत्मा और परमात्मा का मिलन कल्पान्त में ही होता है। जब वे यम अमरनाथ अर्थात् मृत्यु रूपी काल के भय से मुक्ति दिलाने के लिए आत्मा रूपी पार्वतियों को अमरकथा सुनाकर अमर भव का आशीर्वाद देते हैं।
गोला भेंट स्वरूप देने का अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नारियल के मजबूत कवच में गोला सुरक्षित रहता है इसी प्रकार गोले की आकृति की अण्डाकार आत्मा आत्मज्ञान मिलने पर परमात्मा के सुरक्षा कवच में आ जाती है।
तिलक आत्मिक स्मृति का प्रतीक है, यह तिलक हर धर्म पुण्य के कार्य, मन्दिर आदि में और तीज-त्यौहार, शुभ अवसर पर अवश्य लगाते हैं अर्थात् मनुष्य को आत्मा की अमरता और आत्मिक स्वरूप में मस्तिष्क के मध्य स्थित आत्मा के स्वरूप में स्थित रहकर हर कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करता है। गाँठ बाँधकर स्नान करने से तात्पर्य साथ रहते हुए भी पवित्र बनकर रहने और शुभ कार्यों में साथ-साथ रहते सहयोगी बनने का संकल्प करने से है।
बी.के. शान्ता जी ने कहा कि आज के कलिकाल में थोड़े से स्वार्थ के कारण भाई अपनी बहिनों का और बहिन भी भाईयों का हनन करा देते हैं। हर वर्ष बहिनों द्वारा भाईयों के भाल को तिलक लगाने के साथ मंगलकामनायें उन्होंने यह आह्वान करते हुए कहा कि केवल औपचारिकतावश, स्वार्थवश अथवा अन्धश्रद्धावश भीड़ का हिस्सा न बनकर बहिनों द्वारा भाईयों की और भाईयों द्वारा हर बहिन की मंगल कामना और व्यसनों आदि बुराइयों से बचे रहने का शुभ संकल्प परमात्मा से प्रत्येक दिवस में करने से इन त्यौहारों की सार्थकता सिद्ध होगी।
तदोपरान्त प्रातःकाल राजयोग कक्षा में आये भाईयों और ब्रह्माकुमारी बहिनों का आत्मिक तिलक लगाकर दीर्घायु की मंगलकामना की गई।





