मानसरोवर में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रशिक्षण का शुभारंभ
– देशभर से पहुंचे ब्रह्माकुमार भाई-बहनें खबर लेखन से लेकर मीडिया मैनेजमेंट के सीखेंगे टिप्स
– देश के जाने-माने पत्रकारों, संपादक और मीडिया गुरु देंगे प्रशिक्षण
आबू रोड,राजस्थान। राजयोग ध्यान साधना के साथ अब ब्रह्माकुमार भाई-बहनों ने मूल्यनिष्ठ और सकारात्मक पत्रकारिता का बीड़ा उठाया है। पत्रकारिता के जरिए जन चेतना जगाने और प्रेरक खबरों के माध्यम से समाज में आशा का संचार करने के लिए बाकायदा समाचार लेखन, फोटोग्राफी, सोशल मीडिया हैंडलिंग, एआई का उपयोग और मीडिया मैनेजमेंट की बारीकियां सीख रहे हैं। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मानसरोवर परिसर में चार दिवसीय इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसमें देशभर से राजयोग साधक पत्रकारिता के टिप्स सीखने के लिए पहुंचे हैं। देश के जाने-माने पत्रकारों, संपादक और मीडिया गुरु द्वारा नव प्रशिक्षु पत्रकारों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ पर संस्थान के महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि आप सभी परमात्मा के चुने हुए विशेष महान आत्माएं हैं। आप सभी को अपनी कलम और मीडिया के माध्यम से जन-जन तक परमात्मा ज्ञान पहुंचाना है। आज समाज में सकारात्मक, प्रेरक और जीवन में आशा का संचार करने वाली खबरों की बहुत जरूरत है। इसलिए लोगों तक ज्यादा से ज्यादा सकारात्मक समाचार पहुंचाएं। ऐसे समय में आप सभी ने मीडिया के माध्यम से समाज में हो रहे अच्छे कार्यों को लोगों तक पहुंचाने की जो जिम्मेदारी ली है वह सराहनीय है।
समाचार में सच्चाई, प्रमाणिकता और विश्वसनीयता हो-
संस्थान के सचिव सीए बीके ललित भाई ने कहा कि मीडिया के कार्य में तनाव का विशेष ध्यान रखना चाहिए। तनाव की स्थिति में समाचार गलत हो सकता है। आज आपके द्वारा दी गई एक खबर को मात्र एक मिनट में सत्यापित किया जा सकता है कि वह सही है या झूठी। इसलिए समाचार में पूरी सच्चाई, प्रमाणिकता और विश्वसनीयता होनी चाहिए। शांतिवन के प्रबंधक बीके प्रकाश भाई ने कहा कि हमें बड़ों को निश्चिंत कराकर ही कार्य करना चाहिए। प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को अच्छी तरह सीखकर स्वयं सक्षम बनें और आगे दूसरों को भी प्रशिक्षण दें। प्रतिदिन समाचार बनाने का अभ्यास करें, जिससे कार्य में निरंतर निखार आता रहेगा।
खबर विश्वसनीय लगे, तभी प्रकाशित करें-
जयपुर से आए वरिष्ठ पत्रकार राजेश असनानी ने कहा कि चीखने और चिल्लाने से किसी के दिल में जगह नहीं बनाई जा सकती। आज मीडिया का स्वरूप बदलकर इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक पहुंच गया है। अपनी खबर प्रकाशित करने से पहले स्वयं दर्शक बनकर उसे देखें। यदि खबर आपको अच्छी, प्रभावशाली और विश्वसनीय लगे, तभी उसे प्रकाशित करें। खबर को मेन पेज पर किस प्रकार स्थान मिले, इस पर भी विशेष चिंतन और रचनात्मकता से कार्य करना चाहिए।
परमात्मा का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं-
ब्रह्माकुमारीज़ के जयपुर सबजोन की निदेशिका राजयोगिनी पूनम दीदी ने कहा कि आज मीडिया बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। मात्र एक मिनट में समाचार देशभर में पहुंच जाता है। आप सभी परमात्मा शिव बाबा की भुजाएं हैं। अपने मीडिया कार्य के माध्यम से परमात्मा का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। सभी को अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए श्रेष्ठ सेवा करनी है। ओम शांति मीडिया के संपादक बीके गंगाधर भाई ने कहा कि मीडिया में आगे बढ़ने के लिए जरूरी है कि निरंतर सीखते रहें।
आपके एक-एक शब्द की बहुत कीमत होती है-
प्रशिक्षण कार्यक्रम के संयोजक बीके कोमल भाई ने कहा कि मीडिया का कार्य सीखने के लिए तीन वर्ष का कोर्स भी कम पड़ सकता है, लेकिन आपको तीन दिनों के प्रशिक्षण में अधिकतम सीखकर सम्पन्न और सम्पूर्ण बनकर जाना है। जब आप लाइव होते हैं, तब आपके एक-एक शब्द की बहुत कीमत होती है। इसलिए उस समय अत्यंत सावधानी, एकाग्रता और सोच-समझकर बोलना चाहिए।
ये भी रहे मौजूद-
शुभारंभ पर अतिथियों का स्वागत बीके हरीश भाई, बीके पुष्पेन्द्र भाई, बीके शिवांगी बहन, बीके गजानंद भाई, बीके प्रेम भाई, बीके विनय भाई, बीके मोहित भाई ने दुपट्टा और राजस्थानी पगड़ी पहनाकर किया। मधुर वाणी ग्रुप के वरिष्ठ गायक बीके सतीश भाई, बीके भानु भाई एवं बीके प्रभात भाई ने स्वागत गीत से समां बांध दिया। संचालन भोपाल से आईं ब्लेसिंग हाउस की निदेशिका डॉ. बीके रीना दीदी ने किया।



