अमरावती, महाराष्ट्र। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय हनुमान गढ़ी, इंद्रेश्वर मंदिर परिसर के समीप निर्माणाधीन तपस्याधाम रिट्रीट सेंटर के भूमि पूजन एवं उद्घाटन समारोह का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ।
इस शुभ अवसर पर प्रमुख अतिथियों के रूप में आदरणीय आमदार श्री रविभाऊ राणा,आदरणीय आमदार श्री राजेशजी वानखेडे, उनकी धर्मपत्नी सौ. आरतीताई वानखेडे, श्रद्धा दांडगे, अंतरराष्ट्रीय वक्ता एवं प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सचिन भाई परब, तथा अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सभी अतिथियों के कर-कमलों द्वारा सेंटर की नींव रखी गई। कार्यक्रम में अमरावती जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी परिवार के भाई-बहन, सेवाभावी नागरिक एवं जिले के सभी प्रमुख मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सीता दीदी ने तपस्याधाम रिट्रीट सेंटर की उद्देश्य प्रस्तावना रखते हुए बताया कि यह केंद्र आने वाले समय में मानव आत्मा को सच्चे सुख, शांति और आंतरिक सशक्तिकरण प्रदान करने का प्रमुख केंद्र बनेगा। आधुनिक जीवन की तनावपूर्ण परिस्थितियों में यह रिट्रीट सेंटर आत्मिक उत्थान का सशक्त माध्यम सिद्ध होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सचिन भाई परब ने ब्रह्माकुमारी संस्था के वैश्विक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था आज 150 से अधिक देशों में आत्मिक जागृति, समाज निर्माण और मानव मूल्यों के उत्थान का कार्य कर रही है। तपस्याधाम रिट्रीट सेंटर भी अनेक आत्माओं को सच्चा सुख और सच्ची शांति देने का निमित्त बनेगा।
आमदार श्री राजेशजी वानखेडे ने अपने संबोधन में हनुमान गढ़ी क्षेत्र को भविष्य में एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक तीर्थक्षेत्र के रूप में विकसित करने की बात कही तथा ब्रह्माकुमारी परिवार को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
वहीं आमदार श्री रविभाऊ राणा ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि “ब्रह्माकुमारी मेरा परिवार है। आदरणीय दीदियाँ मातृस्वरूप हैं और यह कार्य मेरा स्वयं का कार्य है।” उन्होंने तुरंत अपने अधिकारियों को बुलाकर निर्माण कार्य से संबंधित सभी आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए और पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में अमरावती के प्रसिद्ध संत सुधीर महाराज देशमुख भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस आध्यात्मिक निर्माण हेतु शुभकामनाएँ दीं तथा आलंदी में प्रस्तावित भव्य निर्माण परियोजना के बारे में जानकारी देते हुए वहाँ प्रस्तावित साहित्य विभाग में ब्रह्माकुमारी शिक्षकों के योगदान का आह्वान किया।
कार्यक्रम की सुरुवात बीके प्रमोद भाई द्वारा प्रस्तुत सुमधुर आध्यात्मिक गीत से हुई, जिससे वातावरण अत्यंत भावपूर्ण बन गया। कार्यक्रम का सुंदर एवं सुसंयोजित संचालन बीके सुनंदा दीदी द्वारा किया गया।
इस भव्य आयोजन के साथ ही तपस्याधाम रिट्रीट सेंटर के निर्माण कार्य का शुभारंभ हो गया है। सभी उपस्थित महानुभावों ने एक स्वर में इस सेवा कार्य को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए शीघ्र पूर्ण होने की कामना की।







