छतरपुर,मध्य प्रदेश। आध्यात्मिक एकता, प्रेम एवं भाईचारे का संदेश देते हुए ब्रह्माकुमारी रमा बहन ने पं. धीरेंद्र शास्त्री (बागेश्वर धाम) को राखी बांधकर पवित्र भाईचारे की भावना को अभिव्यक्त किया। इस अवसर पर ज्ञान चर्चा के दौरान आत्मिक उन्नति, पवित्रता, ईश्वरीय स्मृति एवं जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों की भूमिका पर सार्थक संवाद हुआ।
ब्रह्माकुमारी रमा बहन ने माउंट आबू स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के वैश्विक मुख्यालय में आयोजित होने वाले अक्टूबर माह के ग्लोबल समिट में पधारने का पं. धीरेंद्र शास्त्री जी को स्नेहपूर्ण एवं ईश्वरीय निमंत्रण दिया। ग्लोबल समिट का उद्देश्य आध्यात्मिकता, शांति, सद्भाव एवं मानवीय मूल्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा को सशक्त करना है।
इस आत्मीय मिलन के दौरान उपस्थित भाई-बहनों ने आध्यात्मिक चर्चा को श्रद्धा एवं रुचि के साथ सुना। वातावरण में आत्मिक प्रेम, सम्मान और ईश्वरीय अनुभूति की सुंदर झलक दिखाई दी।
रक्षाबंधन का यह पावन अवसर केवल रक्षा के संकल्प तक सीमित न रहकर, आत्मा से आत्मा के मिलन, आध्यात्मिक जागृति और परमात्म-स्मृति का संदेश बन गया।



