एक राजा भगवान बुद्ध का बड़ा भक्त था। उसने सोचा कि प्रजा को सुखी रखना उसका कर्तव्य है, इसलिए उसने महल के द्वार पर स्वर्ण मुद्राओं से भरे थाल रखवा दिए और घोषणा करवा दी कि प्रत्येक व्यक्ति दो-दो मुट्ठी मुद्राएं ले जाए। यह सुनकर प्रजा के मन में खुशी की लहर दौड़ गई। सब अपना-अपना काम छोडक़र राजमहल केे द्वार पर जाकर मुद्राएं लाने लगे। बुद्ध को यह बात पता लगी तो वे एक ब्रह्मचारी के वेश में वहाँ पहुँचे। उन्होंने दो मुट्ठी मुद्रा की उठाई और चल दिए। कुछ दूर जाने के बाद वे लौट आए और उन्होंने मुद्राएं वहीं पटक दी। राजा ने इसका कारण पूछा तो बोले -”सोचा शादी कर लूँ, पर इतनी मुद्राओं से कैसे काम चलेगा?” राजा बोला -”दो मुट्ठी ओर ले लो।” बुद्ध ने चार मुट्ठी मुद्राएं उठा ली और चल दिए। थोड़ी देर बाद वे फिर लौट आए और बोले -” शादी करूँगा तो घर भी चाहिए।” राजा बोला -”दो मुट्ठी ओर ले लो।” बुद्ध मुद्राएं लेकर चल दिए, मगर फिर लौट आए और बोले -”बच्चे भी तो होंगे, उनका भी तो खर्चा होगा।”राजा ने कहा -” दो मुट्ठी ओर ले लो।” यह सुनकर बुद्ध अपने असली रूप में प्रकट हो गए। राजा ने उन्हें प्रणाम किया। बुद्ध राजा से बोले-” राजन्! दूसरों पर निर्भर रहने से कभी किसी का कल्याण नहीं होता। इस तरह तो प्रजा आलसी व कामचोर हो जाएगी। प्रजा को परिश्रम करके आजीविका पाने का रास्ता दिखाओ। तभी प्रजा का कल्याण होगा और वह सच्चे रूप से सुखी रहेगी।” राजा को अपनी गलती का एहसास हो गया।
शिक्षा :- सच्चा शासक वही होता है जो अपनी प्रजा को आलसी या दूसरों पर निर्भर बनाने के बजाय मेहनत और आत्मनिर्भरता का मार्ग दिखाए।

