Homeसमाचारलखनऊ : राजनाथ सिंह ने युवाओं से की राष्ट्र निर्माण में सक्रिय...

लखनऊ : राजनाथ सिंह ने युवाओं से की राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील

भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ब्रह्माकुमारीज़ के लखनऊ के सुल्तानपुर रोड स्थित गुलजार उपवन राजयोग प्रशिक्षण केंद्र के नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन का किया लोकार्पण।

लखनऊ,उत्तर प्रदेश: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में ब्रह्माकुमारीज़ के ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान रक्षा मंत्री ने न केवल संस्थान की सराहना की, बल्कि आने वाले महापर्व छठ के अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

राजनाथ सिंह ने की ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के कार्यों की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि जिस तरह सूर्य देव पूरी दुनिया को प्रकाश देते हैं। उसी तरह यह दिव्य संस्कृति भवन भी लखनऊ सहित पूरे देश और दुनिया में आध्यात्मिकता की रोशनी फैलाएगा। उन्होंने छठ पूजा के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि यह त्योहार भगवान सूर्य को समर्पित है, जो पवित्रता और अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। रक्षा मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि केवल आर्थिक तरक्की या भौतिक सुख-सुविधाओं से किसी देश का विकास नहीं होता। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए अनुशासन, सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संगठन समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
राजनाथ सिंह ने युवाओं से की राष्ट्र निर्माण की अपील
युवाओं को प्रेरित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान भी हैं। उन्होंने आह्वान किया कि राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी किसी कल पर नहीं छोड़ी जा सकती, बल्कि आज के प्रयास ही आने वाले कल को संवारते हैं। इसलिए युवाओं को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहना चाहिए। गौरतलब है कि छठ पूजा का चार दिवसीय महापर्व शुरू हो चुका है, जिसमें नहाय-खाय के बाद खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य जैसे महत्वपूर्ण अनुष्ठान किए जाते हैं। यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का है, जिसमें परिवार की खुशहाली और स्वास्थ्य की कामना की जाती है।

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की 90 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा और लखनऊ में 72 वर्षों की ईश्वरीय सेवाओं के उपलक्ष्य में आयोजित नवदशकोत्सव में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर राजयोगिनी बी के आशा दीदी जी , राजयोगिनी बी के मनोरमा दीदीजी, राजीगोगी बी के मृत्यंजय भाई जी , राजयोगी बी के देऊ भाई जी , राजयोगी बी के आनंद भाई जी, समेत अनेक ब्रह्मा कुमारी भाई बहनें उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय