बिलासपुर टिकरापारा (छत्तीसगढ़): वंदे मातरम् मित्र मण्डल, छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “एक शाम बेटियों के नाम” कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, टिकरापारा सेवा केन्द्र, बिलासपुर की बहनों ने नशामुक्ति एवं मूल्यनिष्ठ जीवन का प्रभावशाली संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राष्ट्रीय प्रवक्ता काजल हिंदुस्तानी ने बेटियों की सुरक्षा, पारिवारिक संस्कार, सामाजिक जागरूकता तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर वंदे मातरम् मित्र मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र जैन सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
ब्रह्माकुमारीज़ की ओर से बीके गायत्री बहन ने उपस्थित बड़ी संख्या में नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के पतन का प्रमुख कारण है। राजयोग मेडिटेशन एवं आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाकर प्रत्येक व्यक्ति व्यसनों से मुक्त होकर सुखी एवं श्रेष्ठ जीवन जी सकता है। उन्होंने सभी से स्वयं नशामुक्त रहने तथा दूसरों को भी इस जनजागरण अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बीके पूर्णिमा, बीके नीता, बीके लक्ष्मी सहित ब्रह्माकुमारी बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। बड़ी संख्या में शहरवासियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा संचालित नशामुक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि आध्यात्मिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों और संस्कारों के माध्यम से ही व्यसनमुक्त, सशक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
For photo & Video Drive Link
https://drive.google.com/drive/folders/10ERVWFeDU4gYSNaWnUiUArZBn_D1SIkE




