Homeराज्यमध्य प्रदेश।नीमच: UAE एशियन चैंपियनशिप में नीमच की स्तुति चमड़िया दिखाएंगी दमखम

नीमच: UAE एशियन चैंपियनशिप में नीमच की स्तुति चमड़िया दिखाएंगी दमखम

11 से 16 नवंबर तक बायथल, ट्रायथल और लेजर रन स्पर्धाओं में करेंगी देश का प्रतिनिधित्व, बड़ी बहन डॉ. ख्याति से मिली खेलों की प्रेरणा

नीमच,मध्य प्रदेश। प्रतिभा, मेहनत और पारिवारिक प्रोत्साहन के दम पर नीमच की होनहार खिलाड़ी स्तुति मनीष चमड़िया ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और उपलब्धि हासिल की है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 11 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए उनका चयन हुआ है। स्तुति इस प्रतियोगिता में बायथल, ट्रायथल और लेजर रन स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से नीमच सहित मध्यप्रदेश और खेल जगत में खुशी का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि स्तुति की सफलता के पीछे उनकी बड़ी बहन डॉ. ख्याति चमड़िया की प्रेरणा और परिवार का खेल एवं शिक्षा के प्रति समर्पण महत्वपूर्ण रहा है। चमड़िया परिवार की दोनों बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। खास बात यह है कि खेलों में उपलब्धियां हासिल करने के साथ दोनों बहनों का सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है।
बड़ी बहन डॉ. ख्याति बनीं प्रेरणा, छोटी बहन ने भी बनाई अंतरराष्ट्रीय पहचान-
स्तुति की बड़ी बहन डॉ. ख्याति चमड़िया ने 12वीं कक्षा तक खेल और पढ़ाई दोनों क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन किया। उनकी उपलब्धियों और अनुशासित जीवनशैली से प्रेरित होकर स्तुति ने भी पढ़ाई के साथ खेलों में निरंतर मेहनत की। ख्याति को अपना आदर्श मानकर स्तुति ने अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई है। डॉ. ख्याति ने वर्ष 2018 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित पैसिफिक अंतरराष्ट्रीय स्कूल खेलों में शानदार प्रदर्शन किया था। स्कूल स्तर की प्रतियोगिताओं में भी वह लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थानों पर रही थीं। उनकी खेल उपलब्धियों ने छोटी बहन स्तुति को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीत चुकी हैं कांस्य पदक-
स्तुति की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का सिलसिला भी लगातार जारी है। पिछले वर्ष दक्षिण अफ्रीका में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया था। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने परिवार, कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल नीमच, मध्यप्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया था। अब UAE में होने वाली एशियन चैंपियनशिप उनके लिए एक और बड़ा अवसर है।
पिता का खेलों से जुड़ाव, मां ने संभाला शिक्षा और अभ्यास का जिम्मा-
स्तुति के पिता डॉ. मनीष चमड़िया स्वयं खेलों से गहरा जुड़ाव रखते हैं। वे सक्रिय स्पोर्ट्स पर्सन हैं और साइक्लिंग के क्षेत्र में भी कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। खेलों के प्रति उनका अनुभव और समर्पण बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। वहीं माता डॉ. मनीषा चमड़िया दोनों बेटियों की पढ़ाई, खेल अभ्यास और प्रतियोगिताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। शिक्षा और खेल को समान महत्व देने के साथ बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना परिवार की सफलता का अहम आधार रहा है। स्तुति का एशियन चैंपियनशिप के लिए चयन केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उस पारिवारिक सोच का भी परिणाम है, जिसमें बेटियों को अपने सपने पूरे करने के लिए पूरा सहयोग और अवसर दिया जाता है। अब 11 से 16 नवंबर तक UAE में होने वाली प्रतियोगिता में स्तुति के प्रदर्शन पर नीमच सहित पूरे प्रदेश की निगाहें रहेंगी। शहर को अपनी इस होनहार बेटी से एक बार फिर शानदार प्रदर्शन और देश का नाम रोशन करने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय