भाई दूज आत्मिक स्मृति, पवित्र प्रेम एवं भाई-बहन के अटूट स्नेह का प्रतीक है – शैलजा बहन जी
नौगांव,मध्य प्रदेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, नौगांव सेवा केंद्र द्वारा भाई दूज का पावन पर्व बड़े ही धूमधाम, हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य अतिथियों एवं श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में छतरपुर से पधारीं सेवा केंद्र प्रभारी आदरणीय शैलजा बहन जी उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में टीकमगढ़ महाराजा साहब विश्वजीत सिंह जी, पूर्व विधायक महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के माननीय श्री मानवेंद्र प्रताप सिंह जी, नौगांव महाराजा साहब श्री पृथ्वी सिंह चौहान जी, नौगांव महारानी साहब श्रीमती माया सर्वानी जी तथा माउंट आबू से पधारे ब्रह्माकुमार विपिन भाई जी एवं ब्रह्माकुमार आकाश भाई जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं आकर्षक स्वागत नृत्य के साथ हुआ। इसके पश्चात नौगांव सेवा केंद्र प्रभारी आदरणीय नंदा बहन जी ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने अतिथियों का पगड़ी, माला, पट्टा एवं तिलक लगाकर सम्मान किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता आदरणीय शैलजा बहन जी ने भाई दूज पर्व की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाई दूज भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह एवं आत्मीय संबंधों का प्रतीक है। इस दिन बहन अपने भाई के मस्तक पर तिलक लगाती है, जो आत्मिक स्मृति एवं आत्मस्वरूप में स्थित होने का संदेश देता है। इसके पश्चात मिठाई खिलाकर भाई का मुख मीठा कराया जाता है। उन्होंने बताया कि इस पर्व का वास्तविक आध्यात्मिक संदेश केवल पारिवारिक स्नेह तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी के प्रति पवित्र दृष्टि, शुभभावना और आत्मिक प्रेम रखने की प्रेरणा भी देता है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागृति, प्रेम, शांति एवं सद्भावना के प्रसार हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन आध्यात्मिक उमंग, उत्साह एवं भाईचारे के सुंदर वातावरण में संपन्न हुआ। सभी को ईश्वरीय प्रसाद एवं ब्लेसिंग कार्ड दिया गया कार्यक्रम में लगभग 150 भाई बहन उपस्थित रहे।



