Homeलेखसच्चा योग: मन और बुद्धि का अनुशासन ...

सच्चा योग: मन और बुद्धि का अनुशासन -बी.के प्रफुल्लचंद्र सेन डिएगो, यूएसए

भारतीय संस्कृति ने यदि विश्व को कोई सबसे महान विरासत प्रदान की है, तो वह है योग का विज्ञान। योगविद्या इतनी गहन, व्यापक और वैज्ञानिक है कि इसके माध्यम से मनुष्य अपने जीवन को सर्वांगसम्पन्न, संतुलित और दिव्य बना सकता है। परंतु प्रश्न यह है कि क्या हम वास्तव में योग को उसके यथार्थ स्वरूप में समझ पाए हैं? यह शंका इसलिए उत्पन्न होती है क्योंकि भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी जहाँ-जहाँ योग प्रशिक्षण का आयोजन होता है, वहाँ प्रायः योग की शुरुआत और समाप्ति केवल योगासन, प्राणायाम और मुद्राओं के अभ्यास तक सीमित रह जाती है। योग सिखाने वाली अनेक संस्थाएँ और योग केंद्र भी अधिकांशतः योग के नाम पर आसन, प्राणायाम और कुछ अन्य योगिक क्रियाओं का ही प्रशिक्षण देते हैं, और उससे आगे बढ़ने का प्रयास नहीं करते। आज योग को हमने योगासन, प्राणायाम, मुद्राएँ, योगिक क्रियाएँ तथा कुछ हद तक आहार-नियंत्रण और शारीरिक अनुशासन तक सीमित कर दिया है। निरसंदेह, ये सभी अभ्यास शरीर को स्वस्थ, स्फूर्त और रोगमुक्त बनाए रखने में अत्यंत उपयोगी हैं, किंतु क्या केवल इन्हें ही योग कहना उचित है? हमारे देश के प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी ने संयुक्त राष्ट्र में अपने संबोधन के दौरान स्पष्ट रूप से कहा था कि भारतीय संस्कृति का योग-विज्ञान केवल आसन और प्राणायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानव के समग्र विकास का एक सशक्त साधन है। योग वास्तव में एक गहन मानसिक अभ्यास है, आत्मदर्शन का एक पवित्र अनुष्ठान है, जो मनुष्य को स्वयं से जोड़कर उसके जीवन को ऊँचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखता है।   

योग के सच्चे और वास्तविक अर्थ को यदि हम देखने जाएं, तो योग शब्द संस्कृत के “युज्” धातु पर से आया हैं। ‘युज्’ शब्द का अर्थ होता है, जुड़ना या मिलन मनाना अथवा मग्न हो जाना। योग का विपरीत शब्द है “वियोग”। वियोग अर्थात् अलग होना। इस संदर्भ में भी योग का अर्थ होता है, ज़ुड जाना या संबंध में आना। ज्योतिष शास्त्र में भी विषयोग, अमीयोग, चंडालयोग, जैसे शब्दों का प्रयोग दो ग्रहों के एक दूसरे के संबंध में आने के संदर्भ में किया जाता हैं। योग के इस अर्थ के संदर्भ में यहा किसका किसके साथ मिलन होता है यह समझना अत्यंत आवश्यक हैं। यह मिलन है, हमारी चेतना का परमचेतना के साथ का मिलन। हमारे भारतीय शास्त्र, जैसे कि वेद, उपनिषद, गीता, इत्यादि में योग की अनेक परिभाषाएं दी गई हैं। इन परिभाषाओं के अध्ययन से भी यह बात स्पष्ट हो जाएगी कि योग कोई शारीरिक क्रिया मात्र नहीं हैं, परंतु वह मुख्य रूप से मानसिक तथा बौद्धिक क्रिया हैं। आईए, हम कुछ परिभाषाओं पर दृष्टिपात  करें।

  • योग शास्त्र के पितामह  महर्षि पतंजली अपने “योगसूत्र” नाम के ग्रंथ में, योग की परिभाषा देते हुए, कहते हैं कि “योगः चित्तवृत्ति निरोधः” अर्थात् मन की चंचल वृत्तियों का नियमन करना ही योग हैं।
  • महर्षि वशिष्ठ ने अपने “योग वशिष्ठ” नाम के ग्रंथ में योग का अर्थ इस प्रकार बताया है। “मनः प्रसमनोपायः योगः इति अभिधीयते” अर्थात् योग मन को प्रशांत और प्रसन्न करने की विधि हैं।  
  • कठोपनिषद् में योग का अर्थ बताया हैं  कि, “तां योगमिति मन्यन्ते स्थिरामिन्द्रियधारणाम्” अर्थात् योग अपनी इन्द्रियों को स्थिर करता है और उसको अपने  वश में रखता हैं।
  • योग के बारे में श्रीमद् भगवद् गीता में भी अनेक परिभाषाएं दी गई हैं, जेसै कि “योगः कर्मसु कौशलम्” अर्थात् निष्काम भाव से कर्म करने की कुशलता ही योग हैं। यानी योग से ही कर्मों में कुशलता आती हैं। फिर कहा है, “समत्वम् योगः उच्चते” अर्थात्  प्रत्येक परिस्थिति में समभाव धारण करना ही योग हैं।  फिर और कहा है कि “तं विदयाद दुःखसंयोगवियोगं योगसंज्ञितम्”  अर्थात दुःख के संयोग से वियोग को योग कहते हैं। यानी योग दुःख योगनिवारक हैं।
  • योग के लिए और कहा गया है “योगस्तु दर्शनाय न तु प्रदर्शनाय”  अर्थात्  योग आत्मदर्शन के लिए है, प्रदर्शन के लिए नहीं।
  • योग की एक परिभाषा में यह कहा हैं कि, “संयोगो योगो इत्युक्तो जीवात्म परमात्मानोः” अर्थात् जीवात्मा और परमात्मा के  मिलन को ही योग कहा जाता हैं।  

अंत में कहा है कि “योगो मनसः समाधि”, अर्थात् मन की समाधिरूप अवस्था ही परम योग हैं।

योग की उपर्युक्त परिभाषाओं पर ध्यान दें, तो यह स्पष्ट हो जाता है कि उनमें कहीं भी शरीर का प्रत्यक्ष उल्लेख नहीं है। वास्तव में योग शरीर से अधिक मन और बुद्धि से संबंधित एक गहन साधना है। योग का वास्तविक उद्देश्य केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण रूप से स्वस्थ, सुखमय, शांत और दिव्य जीवन की रचना करना है। सच्चे अर्थों में योग आत्मा का परमात्मा के साथ मिलन का अनुभव है। यह उनके साथ संबंध जोड़ने, उनसे संवाद करने और उनकी दिव्य शक्तियों को अपने जीवन में आत्मसात करने की विधि है। योग के माध्यम से व्यक्ति स्वयं को आंतरिक रूप से सशक्त और संपन्न बनाता है।योग केवल अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन-परिवर्तन की एक प्रभावी प्रक्रिया है। योग स्वयं का सशक्तिकरण तथा संपन्नीकरण करने की विधि हैं। जब मन शुद्ध और स्थिर होता है, बुद्धि विवेकशील बनती है और आत्मा अपने मूल गुणों—शांति, प्रेम, पवित्रता और आनंद—में स्थित होती है, तब योग अपने वास्तविक उद्देश्य को पूर्ण करता है। इस प्रकार योग को केवल शारीरिक क्रियाओं तक सीमित करना उसके व्यापक और दिव्य स्वरूप को संकुचित करना है। योग वास्तव में आत्मिक जागृति और जीवन-उत्थान की एक श्रेष्ठ साधना है, जो मानव को भीतर से बदलकर समाज और विश्व में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनती है।

वास्तव में यह अति प्राचीन योग स्वयं योगेश्वर परमात्मा ने हमको सिखाया हुआ हैं। जिसका उल्लेख गीता में राजयोग के रूप में किया गया हैं। आध्यात्मिक ज्ञान  पर आधारित यह राजयोग एक संपूर्ण और सर्वांगी योग है, जिसके मुख्य चार लक्ष्य हैं।

1. आत्मचिंतन तथा आत्मदर्शन द्वारा आत्मानुभूति करना।

2. परमात्मा के साथ अनुसंधान प्रस्थापित कर के परमात्मानुभूति करना।

3. पुरुष, प्रकृति और परमात्मा के बीच खेले जा रहे इस विश्व नाटक के आदि, मध्य और अंत के ज्ञान पर आधारित   विश्वदर्शन द्वारा विश्वानुभूति करना।

4. कालचक्र रूपी इस विश्वनाटक के वर्तमान समय के महत्व को समझ कर समयानुभूति करना।

आज विश्व में बहुत कम संस्थाएँ हैं जो संपूर्ण, सर्वांगीण और सहज राजयोग का प्रशिक्षण देती हैं। ऐसी ही एक प्रमुख संस्था है प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, जिसका योग प्रशिक्षण में उल्लेखनीय योगदान है। यदि आप अपने जीवन में सच्ची सुख-शांति प्राप्त करना चाहते हैं, जीवन को स्वस्थ, संतुलित और खुशहाल बनाना चाहते हैं, जीवन की सच्ची दिशा पाना चाहते हैं, अपने संबंधों में मधुरता और आनंद अनुभव करना चाहते हैं, तथा आत्मानुभूति और परमात्मानुभूति करना चाहते हैं, तो इस विश्वविद्यालय से संपर्क करना आपके लिए अत्यंत लाभकारी होगा। यह संस्थान केवल योगाभ्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र विकास की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करती है। यहाँ प्राप्त शिक्षा जीवन को उच्च आध्यात्मिक मूल्य और स्थायी सकारात्मकता से भर देती है।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय