लोनावला,महाराष्ट्र। पारसमणि रिट्रीट सेंटर, लोनावला में आयोजित 12वीं संस्कार परिवर्तन योग तपस्या कुमार भट्ठी सभी कुमारों के लिए एक अत्यंत प्रेरणादायी, आध्यात्मिक एवं आनंदमय अनुभव रही। तीन दिवसीय इस भट्ठी का उद्देश्य राजयोग मेडिटेशन की शक्ति, आध्यात्मिक ज्ञान, स्वचिंतन एवं सामूहिक उमंग-उत्साह के माध्यम से अपने संस्कारों में सकारात्मक परिवर्तन लाना था।
भट्ठी का शुभारंभ राजयोगिनी डॉ. बी.के. गोदावरी दीदीजी, राजयोगिनी डॉ. बी.के. लाजु दीदीजी, बी.के. मीना बहन, एवं बी.के. भारत भूषण भाईजी की दिव्य उपस्थिति में मंगलमय उद्घाटन तथा भट्ठी के उद्देश्य एवं लक्ष्य के परिचय के साथ हुआ। प्रारंभिक सत्रों में बी.के. भारत भूषण जी ने “दृढ़ता से सफलता”विषय पर प्रेरणादायी मार्गदर्शन देते हुए निराकारी, निर्विकारी और निरहंकारी बनने जैसे तीन महत्वपूर्ण आध्यात्मिक गुणों को जीवन में धारण करने की प्रेरणा दी।
अगले दिन की शुरुआत गहन अनुभूतिपूर्ण अमृतवेला से हुई। इसके पश्चात योग, व्यायाम, मधुर मुरली एवं मुरली रिवीजन के माध्यम से सभी ने आध्यात्मिक अनुशासन और आंतरिक जागृति का अनुभव किया।

इस भट्ठी को विशेष रूप से सार्थक एवं परिवर्तनकारी बनाने के लिए विभिन्न विशेष क्लास एवं मेडिटेशन सत्रों का आयोजन किया गया। बी.के. हर्षा बहन ने “व्यर्थ से मुक्ति”विषय पर एक सारगर्भित विशेष क्लास कराई, जिसमें प्रतिभागियों को व्यर्थ संकल्पों से मुक्त होकर मन को शक्तिशाली, सकारात्मक एवं श्रेष्ठ स्थिति में रखने की प्रेरणा दी गई। इसके पश्चात बी.के. सरला बहन ने “ब्राह्मण जीवन में सदा उमंग-उत्साह में कैसे रहें?” विषय पर प्रेरणादायी क्लास ली। उन्होंने समझाया कि परमात्मा के साथ अटूट संबंध बनाए रखते हुए तथा ब्राह्मण जीवन के सुंदर उद्देश्य को पहचानकर प्रत्येक ब्राह्मण आत्मा किस प्रकार सदा प्रसन्नचित्त, उमंग-उत्साह से भरपूर एवं आध्यात्मिक रूप से शक्तिशाली रह सकती है।

भट्ठी का एक विशेष आकर्षण बी.के. मीरा बहन द्वारा कराया गया “अनूठी एवं रचनात्मक अवधारणा पर आधारित विशेष मेडिटेशन सत्र” रहा। मेडिटेशन की एक अभिनव एवं सृजनात्मक पद्धति के माध्यम से प्रतिभागियों को गहन शांति, आत्मिक चेतना और परमात्मा से जुड़ाव की अनुभूति कराई गई। यह सत्र सभी के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बना।
इस रिट्रीट में आध्यात्मिक अनुशासन के साथ-साथ खुशी, आनंद और आपसी एकता का भी सुंदर समन्वय देखने को मिला। शनिवार की संध्या को विशेष नुमाशाम योग का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने सामूहिक योग द्वारा शक्तिशाली आध्यात्मिक वायब्रेशन्स का अनुभव किया। इसके पश्चात मुलुंड सबज़ोन द्वारा रंगारंग गरबा उत्सव का आयोजन किया गया। इस उल्लासपूर्ण आयोजन में सभी ने हर्षोल्लास, एकता और उमंग के साथ सहभागिता की। सांस्कृतिक संध्या ने भट्ठी में एक सुंदर आयाम जोड़ते हुए ब्राह्मण परिवार की एकता, प्रेम और उत्सवधर्मिता को साकार किया।
भट्ठी का समापन प्रतिभागियों के भावपूर्ण अनुभवों एवं विचारों के आदान-प्रदान के साथ हुआ, जिसमें सभी ने इन तीन दिनों के दौरान प्राप्त आध्यात्मिक शिक्षाओं, अनुभूतियों एवं आंतरिक परिवर्तन को साझा किया।
12वीं संस्कार परिवर्तन योग तपस्या कुमार भट्ठी केवल एक आध्यात्मिक समागम नहीं, बल्कि प्रत्येक कुमार के लिए स्वयं को ठहरकर देखने, आत्मचिंतन करने, आंतरिक शक्ति संचित करने और नए संकल्प एवं दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ने का एक सार्थक अवसर थी। इसने इस संदेश को और अधिक सुदृढ़ किया कि सच्चा संस्कार परिवर्तन अपने विचारों को परिवर्तित करने, अपनी आंतरिक स्थिति को सशक्त बनाने तथा प्रत्येक पल को पवित्रता, सकारात्मकता, उमंग और उत्साह के साथ जीने से ही प्रारंभ होता है।





