Homeराज्यमहाराष्ट्रप्रकाशा: ओम शांति केंद्र में 201 दीपों को प्रज्वलित कर शिवबाबा की...

प्रकाशा: ओम शांति केंद्र में 201 दीपों को प्रज्वलित कर शिवबाबा की स्मृति में मनाया दीपावली पर्व

प्रकाशा,महाराष्ट्र: किसानों के खेतों में भरपूर फसल हो, किसान समृद्ध बने, उनके जीवन में सुख-शांति और संतोष का वास हो तथा देश में फिर से किसानों का वैभवशाली दौर लौटे, इसी मंगल संकल्प के साथ प्रकाशा स्थित ‘प्रभु प्रकाश भवन’, ओम शांति केंद्र में 201 दीप प्रज्वलित कर अनूठे दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिवबाबा के चरणों में प्रार्थना कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहने की कामना की गई।

प्रकाशा स्थित प्रभु प्रकाश भवन में ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी की प्रमुख उपस्थिति में यह दीपोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिवबाबा की प्रतिमा का पूजन एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। दिशा चित्ते ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं ने किसान की समृद्धि, ज्ञान, समाजसेवा, भारत देश के उज्ज्वल भविष्य तथा क्षेत्र में सुख-शांति की कामना के साथ दीप प्रज्वलित किए।

इस दीपोत्सव में कुल 201 दीप जलाकर प्रकाशमय वातावरण में दीपावली का आध्यात्मिक आनंद लिया गया। इस अवसर पर माउंट आबू स्थित शांतिवन का हाल ही में भ्रमण कर लौटे नरेंद्र गुरव सर एवं भटू गोरख पाटील ने अपने विचार व्यक्त किए। ब्रह्माकुमारी शीला दीदी ने सत्संग के माध्यम से दीपावली का आध्यात्मिक महत्व समझाया।

शहादा तहसील एवं आसपास के क्षेत्र की प्रमुख विद्या दीदी ने मार्गदर्शन करते हुए कहा कि दीपावली आनंद, प्रकाश और मंगलकामनाओं का पर्व है। लेकिन हमें पटाखों से होने वाले प्रदूषण से दूर रहना चाहिए। प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाकर पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। हमारे क्षेत्र के किसानों के खेतों में भरपूर फसल हो तथा किसान सुखी और समृद्ध बने, ऐसी प्रार्थना सभी को करनी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक दीपावली आनंदमय, सुखद और स्वस्थ जीवन का संदेश लेकर आए, इसके लिए सभी को नशामुक्ति का संकल्प लेना चाहिए। स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए। नशे के कारण परिवारों को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए समाज में जनजागृति करना आवश्यक है।

दीपावली के अवसर पर केवल घरों में ही नहीं, बल्कि मन में भी ज्ञान, स्वच्छता, आध्यात्मिकता और समाजसेवा का दीप प्रज्वलित करना चाहिए। अपने अच्छे आचरण एवं सकारात्मक विचारों से समाज में प्रकाश फैलाना चाहिए, ऐसा आह्वान भी उन्होंने किया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी शीला दीदी, चित्रा दीदी, प्रकाशा केंद्र की प्रमुख मोना दीदी, निशू दीदी सहित प्रकाशा के श्रद्धालु एवं भक्तगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया। भक्तिमय एवं आनंदमय वातावरण में दीपोत्सव का समापन हुआ।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय