Homeराजस्थानमाउंट आबूआबू रोड: हम अगले सौ वर्षों के भविष्य को ध्यान में रखकर...

आबू रोड: हम अगले सौ वर्षों के भविष्य को ध्यान में रखकर निर्णय लें, तभी वास्तविक बदलाव ला सकेंगे: मेवाड़ की महारानी निवृत्ति कुमारी

ब्रह्माकुमारीज़ के मान सरोवर परिसर में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू

आस्था, भोजन और जलवायु संरक्षण विषय पर आयोजन

आबू रोड,राजस्थान। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मनसरोवर परिसर में आस्था, भोजन और जलवायु संरक्षण विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान, ग्लोबल इंटरफेथ वॉश एलायंस, एवं यूनिसेफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पोषण और जलवायु परिवर्तन के प्रति सामूहिक जागरूकता बढ़ाना तथा एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल समाज के निर्माण के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाना है। सम्मेलन की थीम ‘एक साथ मिलकर पोषण और जलवायु के प्रति लचीलापन विकसित करना’ रखी गई है।

उदयपुर मेवाड़ की महारानी निवृत्ति कुमारी ने कहा कि हमारी अब तक जितनी भी पीढ़ियां आई हैं, वे सभी दूरदर्शी रही हैं और उन्होंने हमेशा आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के बारे में सोचा है। आज आस्था, भोजन और जलवायु संरक्षण पर केंद्रित इस कार्यशाला में मैं इसी बात को सबसे महत्वपूर्ण मानती हूं और विशेष रूप से रेखांकित करना चाहती हूं। हमारे पूर्वजों में से किसी ने भी केवल अपने समय के बारे में स्वार्थपूर्ण ढंग से नहीं सोचा। उन्होंने यह नहीं सोचा कि हमारे समय तक सब कुछ ठीक रहे, हमारी जरूरतें पूरी हो जाएं और आने वाली पीढ़ियां अपना भविष्य स्वयं देख लें। बल्कि प्रत्येक पीढ़ी ने आने वाले सौ वर्षों और भविष्य की पीढ़ियों को ध्यान में रखकर विचार किया। आज हम इसी सोच की कमी महसूस कर रहे हैं। हम अपने पूर्वजों से यह महत्वपूर्ण सीख ले सकते हैं कि हमें केवल अपने बारे में नहीं सोचना चाहिए, बल्कि आने वाली कई पीढ़ियों के बारे में भी विचार करना चाहिए। यदि हम अगले सौ वर्षों के भविष्य को ध्यान में रखकर निर्णय लें, तभी वास्तविक बदलाव ला सकेंगे। इस मंच पर सामाजिक एकता के बारे में सुनकर अच्छा लगा। यह बात हम मेवाड़ के इतिहास में ही सुन सकते हैं जहां हमारे पूर्वज महाराणा प्रताप जी की सेना में भी हकीम खां सूरी सेनापति थे। उन्होंने महाराणा प्रताप के साथ जंग लड़ी।

सबसे पहले अपने विचार और चेतना शुद्ध करें-
सतना के दिव्य शक्ति अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद महाराज ने कहा कि धर्म अर्थात् स्वयं को जानना। स्वयं को सही तरीके से जानकर सहज, सरल तरीके से जीवन जीना ही धर्म है। इसकी सुंदर जीवन पद्धति हमारी ब्रह्माकुमारी बहनें सिखा रही हैं। यहां सुबह रोज ज्ञान मुरली चलती है, इससे मन का प्रदूषण दूर होता है। जब तक हमारी चेतना और विचार शुद्ध नहीं होंगे तब तक बाहरी जलवायु परिवर्तन संभव नहीं है। सारे फाउंडेशन स्वच्छता अभियान चला रहे हैं, लेकिन वहीं कुछ लोग गंदगी फैलाने का अभियान चला रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि लोगों के विचार, व्यवहार शुद्ध नहीं होंगे तो परिवर्तन संभव नहीं है।

कोई परिवर्तन नहीं करना चाहता है-
महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद महाराज ने कहा कि हमारा शरीर पांच तत्वों से बना है। प्रकृति के पांचों तत्वों में जब संतुलन रहेगा तब हमारे शरीर की प्रकृति की संतुलित और स्वस्थ रहेगी। आज जलवायु परिवर्तन गंभीर समस्या बन गया है। लेकिन यदि हम सभी चाहें तो सामूहिक प्रयास से इसे संभाल सकते हैं। आज धरती से पृथ्वी तत्व का संतुलन बिगड़ता जा रहा है। जल तत्व के असंतुलन से बाढ़ जैसी आपदाएं आ रही हैं। पांचों तत्वों के असंतुलन से ही जलवायु परिवर्तन हो रहा है। सबको सुख चाहिए लेकिन कोई परिवर्तन नहीं करना चाहता है। विज्ञान के साधन सुख के लिए हैं लेकिन यही स्थिति रही तो विज्ञान ही विनाश का भी कारण बनेगा। भारत में 13 अखाड़े हैं और चार करोड़ सन्यासी हैं, यदि सभी का सहयोग हो जाए तो भारत स्वर्ग बन जाएगा। बीमारियां बढ़ने का कारण प्रकृति का असंतुलन है।

ओम शांति के मंत्र से आएगी दुनिया में शांति-
वाराणसी के बिस्मिल्लाह खान साहब फाउंडेशन के संस्थापक मौलाना सैयद अब्बास मुर्तजा शम्सी ने कहा कि पूरी दुनिया में ईश्वर और अल्लाह ने अपने लिए रहने को कोई स्थान बनाया है तो वह हिंदुस्तान ही हो सकता है और कोई मुल्क नहीं हो सकता है। पूरी दुनिया शांति के पीछे भाग रही है। लेकिन शांति नहीं मिल रही है। लेकिन धन्य हैं ब्रह्मा बाबा जिन्होंने ओम शांति का मंत्र दिया। यही वो मंत्र है जिससे दुनिया में शांति आ सकती है। जब मैं यहां आया तो लगा कि यहां एक-एक ब्रह्माकुमारी देवी और एक-एक ब्रह्माकुमार देवता लग रहे हैं। आज सबसे ज्यादा जरूरत है कि हम अपने लड़के और लड़कियों को समान रूप से अधिकार और पालना दें। हमें लड़के और लड़कियों में भेदभाव खत्म करना होगा।

राजयोग से कराई शांति की अनुभूति-
दीप प्रज्वलन के साथ सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन सत्र का शुभारंभ हांगकांग के दिव्य कलाकार हैरी एवं आयाको द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति से किया गया। साथ ही राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से सभी को गहन शांति की अनुभूति कराई। संचालन ग्लोबल इंटरफेथ वॉश एलायंस की निदेशक एवं ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन की वरिष्ठ योगाचार्या गंगा नंदिनी ने किया। आभार गॉडलीवुड स्टूडियो की प्रोडक्शन हेड बीके शिखा बहन ने माना। इस दौरान सभी अतिथियों ने तपोवन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही ज्ञान सरोवर में संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी सुदेश दीदी से भेंट कर राजयोग ध्यान पर चर्चा की।

इन्होंने भी किया संबोधित-

यूनिसेफ इंडिया की सोशल एंड बिहेवियर चेंज विशेषज्ञ शालिनी प्रसाद ने कहा कि हमने देश में पोलियो को लेकर बहुत काम किया है। हमारा प्रयास रहा है कि हम सभी धर्मों के लोगों को आपस में जोड़ सकें। समाज में जो समस्याएं आस्था से जुड़ी हैं उन्हें लोगों को जागरूक करने का हमारा प्रयास है। सभी धर्मों की अपनी-अपनी मान्यताएं होती हैं। जैसे तेजी से जमाना बदल रहा है, वैसे हमें भी बदलना है। सरकार की जो योजनाएं, अभियान हैं उनके बारे में लोगों को जागरूक कर उनका जीवन स्तर बदलने का प्रयास किया जा रहा है।

ब्रह्माकुमारीज़ के महिला प्रभाग की राष्ट्रीय संयोजिका राजयोगिनी डॉ. बीके सविता दीदी ने कहा कि हम केवल चर्चा ही नहीं करें बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाएं। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण को लेकर कार्य कर रही है। हमारे यहां सौर ऊर्जा से भोजन बनता है। कचरे से बिजली और खाद बनाई जा रही है। अन्न को शुद्ध करने और मिट्‌टी की उर्वरा शक्ति को बढ़ाने के लिए किसानों को जैविक-यौगिक खेती पद्धति का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

असम के पादरी रेवरेंड सैलेन इस्वरी ने कहा कि यहां आकर बहुत खुशी हो रही है। आज पर्यावरण गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। शहरी और ग्रामीण सभी लोगों को पर्यावरण को लेकर जागरूक होना होगा।

शांति दूत एवं ग्लोबल इनिशिएटिव फॉर पीस एंड वेलबीइंग के संस्थापक बीके डॉ. बिन्नी सरीन ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि वर्ष 1937 में ब्रह्मा बाबा ने ब्रह्माकुमारीज़ की स्थापना की थी। वर्ष 1950 से माउंट आबू से देश-विदेश में सेवाओं की शुरुआत हुई। आज संस्थान द्वारा विश्व के 140 देशों में राजयोग मेडिटेशन का संदेश दिया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

सबसे लोकप्रिय