-: दैनिक संकल्प :-
प्रतिदिन स्वयं से यह संकल्प करें
‘‘मैं लेने वाली नहीं, देने वाली आत्मा हूँ। मैं अपने घर का शक्ति स्तंभ हूँ। मेरी उपस्थिति से मेरे परिवार में शांति, प्रेम, सम्मान और विश्वास का वातावरण बनेगा। परिस्थितियां बदल सकती हैं, लेकिन मेरी आंतरिक स्थिति परमात्मा की शक्ति से सदैव स्थिर रहेगी।’’
यही संकल्प धीरे-धीरे हमारे संस्कारों को बदलता है और हमारे घर को केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि शांति, प्रेम और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना देता है।
सच्ची आध्यात्मिकता की पहचान
आध्यात्मिक जीवन केवल पूजा, प्रार्थना या ध्यान तक सीमित नहीं है। उसकी वास्तविक पहचान हमारे व्यवहार में दिखाई देती है। जब कोई व्यक्ति अपने जीवन का उद्देश्य केवल ”लेना” नहीं, बल्कि ”देना” बना लेता है, तभी उसके भीतर दिव्यता का उदय होता है। यही देवी-देवता जीवन का मूल संस्कार है।
आज अधिकांश लोग कहते हैं – मुझे प्रेम चाहिए, सम्मान चाहिए, शांति चाहिए, सहयोग चाहिए। परिणामस्वरूप प्रत्येक व्यक्ति अपेक्षा करता है और अपेक्षाओं का यह संघर्ष परिवारों में तनाव और समाज में अशांति का कारण बन जाता है। यदि हर घर में केवल एक व्यक्ति भी ”लेने वाला” नहीं, बल्कि क्रक्रदेने वाला” बन जाए, तो वही घर स्वर्ग बनने की दिशा में बढ़ सकता है।
हम किस कुल के हैं?
भारतीय संस्कृति में प्रत्येक परिवार अपने कुलदेवी या कुलदेवता का स्मरण करता है। यह केवल परंपरा नहीं, बल्कि एक गहरा आध्यात्मिक संदेश है। यदि हमारे पूर्वज देवी-देवता हैं तो हमारा स्वभाव भी उनके समान होना चाहिए।
देवी-देवताओं की प्रतिमाओं में उनके हाथ सदैव वरदानी मुद्रा में दिखाई देते हैं। उनका संदेश स्पष्ट है – देना ही उनका धर्म है। वे प्रेम देते हैं, सुख देते हैं, शांति देते हैं और शक्ति देते हैं। यदि हम स्वयं को उनके वंश का मानते हैं, तो हमारा जीवन भी देने की संस्कृति का परिचायक होना चाहिए।
लेने से देने की ओर यात्रा
आज संसार में अधिकांश संबंध अपेक्षाओं पर टिके हुए हैं। हम चाहते हैं कि लोग हमें समझें, हमारा सम्मान करें, हमें प्रेम दें। लेकिन जब अपेक्षाएं पूरी नहीं होतीं, तो शिकायत, क्रोध और निराशा जन्म ले लेते हैं।
राजयोग हमें एक नई दिशा देता है – मुझे लेना नहीं, देना है
यदि सामने वाला अशांत है, तो मैं उसे शांति दूँ। यदि कोई कटु बोलता है, तो मैं मधुरता दूँ। यदि कोई निराश है, तो मैं उसे आशा दूँ। यही आत्मिक सम्पन्नता का परिचय है।
अपने घर का शक्ति स्तंभ बनें
आज का समय अनिश्चितताओं से भरा हुआ है। कभी बीमारी, कभीआर्थिक चुनौति, कभी संबंधों में तनाव और कभी मानसिक दबाव — परिस्थितियां अचानक बदल जाती हैं। ऐसे समय में प्रत्येक परिवार को एक ऐसे सदस्य की आवश्यकता होती है जो स्वयं विचलित न हो, बल्कि सबको संभाल सके।
वह व्यक्ति परिवार का शक्ति स्तंभ होता है
जैसे घर चलाने के लिए आर्थिक कमाई आवश्यक है, वैसे ही घर को खुशहाल बनाए रखने के लिए आध्यात्मिक शक्ति भी आवश्यक है। यदि परिवार में कोई एक व्यक्ति प्रतिदिन परमात्मा से शक्ति लेकर पूरे घर में शांति, धैर्य और सकारात्मकता का संचार करे, तो कठिन परिस्थितियां भी परिवार को तोड़ नहीं पातीं।
आत्मिक बैटरी को प्रतिदिन चार्ज करें
कल्पना कीजिए कि आत्मा एक दिव्य बैटरी है। यदि बैटरी खाली होगी, तो वह किसी को ऊर्जा नहीं दे सकेगी। लेकिन यदि वह परमात्मा की याद से प्रतिदिन भरती रहे, तो वही शक्ति परिवार, समाज और कार्यस्थल तक पहुँचती है। इसलिए प्रतिदिन कुछ समय स्वयं को आत्मा मानकर परमात्मा से जुडऩा केवल ध्यान का अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन की आवश्यकता है। यही अभ्यास हमें परिस्थितियों से ऊपर उठने की शक्ति देता है।
बाहर हलचल, भीतर एकरसता
जीवन में तूफान आते रहेंगे। संसार बदलता रहेगा। परिस्थितियां हमारे अनुसार नहीं चलेंगी। लेकिन राजयोग हमें सिखाता है कि बाहर चाहे जितनी हलचल हो भीतर की स्थिति स्थिर रहनी चाहिए। जिस व्यक्ति की आंतरिक स्थिति एकरस रहती है, वही संकट के समय सही निर्णय ले पाता है। उसका धैर्य ही पूरे परिवार को साहस देता है। वह केवल स्वयं नहीं संभलता, बल्कि दूसरों को भी संभालने की शक्ति बन जाता है।


