इंदौर (म.प्र.): प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, इंदौर प्रेमनगर द्वारा अनुभूति भवन (30 बी, प्रेमनगर) में ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के पूर्व महासचिव आदरणीय बीके निर्वैर भाईजी की पुण्यतिथि के अवसर पर एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर लगभग 100 श्रद्धालुओं एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने सम्मिलित होकर आदरणीय निर्वैर भाईजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती हर्षिता शर्मा गौर (अपर न्यायाधीश, अशोकनगर, म.प्र.) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भ्राता अश्लेष शर्मा (अधिवक्ता, इंदौर) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में इंदौर प्रेमनगर की प्रभारी बीके शशि दीदीजी एवं इंदौर बिजलपुर की प्रभारी बीके यशवनी दीदीजी की विशेष उपस्थिति रही।
बीके निर्वैर भाईजी का जीवन त्याग, तपस्या और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक था: बीके शशि दीदीजी श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रेमनगर केंद्र प्रभारी बीके शशि दीदीजी ने कहा, “आदरणीय बीके निर्वैर भाईजी का संपूर्ण जीवन ईश्वर-समर्पण, नम्रता, कुशल नेतृत्व और निस्वार्थ सेवा का अनुपम उदाहरण था। उन्होंने अपने दिव्य विचारों और स्नेहपूर्ण व्यवहार से विश्वभर में लाखों आत्माओं के जीवन में शांति और दिव्यता का संचार किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके द्वारा दिखाए गए सत्य व शांति के मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्रीमती हर्षिता शर्मा गौर जी एवं अधिवक्ता भ्राता अश्लेष शर्मा जी ने भी बीके निर्वैर भाईजी के अद्वितीय व्यक्तित्व एवं समाज सेवा में उनके योगदान को याद करते हुए अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
विशेष व्याख्यान हेतु दिया गया निमंत्रण: कार्यक्रम के अंत में बीके शशि दीदीजी ने मुख्य अतिथि श्रीमती हर्षिता शर्मा गौर जी को राजयोगिनी बीके वीणा दीदी जी (हुबली, कर्नाटक) द्वारा “गीता का सार, श्रेष्ठ जीवन का आधार” विषय पर आयोजित होने वाले आगामी विशेष व्याख्यान हेतु आत्मीय निमंत्रण पत्र भेंट किया।
सभा का समापन दो मिनट के मौन एवं विश्व शांति के शुभ संकल्पों के साथ हुआ।




